pratapgarh News: डीएम अभिषेक पाण्डेय ने प्रेमधर पट्टी में लगाई रात्रि चौपाल, जनसमस्याएं सुन अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत परखी, विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया, गोद भराई कार्यक्रम में शामिल होकर गर्भवती महिलाओं को दी शुभकामनाएं

pratapgarh News: शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने और ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय ने विकासखंड बाबा बेलखरनाथ धाम की ग्राम पंचायत प्रेमधर पट्टी में आयोजित रात्रि चौपाल में प्रतिभाग किया। चौपाल के दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं, शिकायतें और सुझाव सुने तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

रात्रि चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। लोगों ने पेयजल, बिजली, सड़क, आवास, पेंशन, राशन कार्ड, कृषि, स्वास्थ्य और अन्य विकास कार्यों से जुड़े मुद्दे प्रशासन के समक्ष रखे। जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण का निर्धारित समय सीमा के भीतर समाधान किया जाए और शिकायतकर्ता को उसकी जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए।

इस दौरान स्वास्थ्य विभाग, आईसीडीएस, शिक्षा विभाग, कृषि विभाग, ग्राम्य विकास विभाग तथा स्वयं सहायता समूहों की ओर से विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाए गए थे। जिलाधिकारी ने सभी स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की और अधिकारियों से लाभार्थियों की संख्या, प्रगति तथा जागरूकता अभियान की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र व्यक्तियों तक योजनाओं की जानकारी समय पर पहुंचाई जाए, ताकि कोई भी पात्र लाभार्थी सरकारी सुविधाओं से वंचित न रहे।

विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों को केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, उनकी पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और मिलने वाले लाभों की विस्तार से जानकारी दी। साथ ही ग्रामीणों की शंकाओं का समाधान भी किया गया।

कार्यक्रम के दौरान आईसीडीएस विभाग की ओर से आयोजित गोद भराई कार्यक्रम में जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय ने गर्भवती महिलाओं की गोद भराई कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और गर्भवती महिलाओं को पोषण, स्वास्थ्य सेवाओं तथा नियमित जांच का पूरा लाभ मिलना चाहिए।

pratapgarh News: बड़े मंगल भंडारे में अशफाक अहमद का सम्मान, हिंदू-मुस्लिम भाईचारे की पेश की मिसाल

जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पूरी पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से पहुंचे। इसके लिए अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे नियमित रूप से गांवों में पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनें और उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

रात्रि चौपाल में ग्रामीणों ने प्रशासन के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि गांव में अधिकारियों के पहुंचने से स्थानीय समस्याओं को सीधे रखने का अवसर मिला है। उन्होंने उम्मीद जताई कि लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान होगा।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी राम मोहन मीना, परियोजना निदेशक डीआरडीए दयाराम यादव, डीसी एनआरएलएम देव कुमार, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे

रिपोर्ट उमेश पाण्डेय जिला संवाद दाता यूनाईटेड भारत

Show More

Related Articles

Back to top button