
Lucknow News : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के कार्यकर्ता विकास वर्ग-प्रथम प्रशिक्षण के अंतर्गत गुरुवार को राजधानी लखनऊ में भव्य पथ संचलन का आयोजन किया गया। अनुशासन और संगठन शक्ति का परिचय देते हुए स्वयंसेवकों ने निर्धारित मार्ग पर कदमताल की, जबकि विभिन्न स्थानों पर नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया।
संघ का यह प्रशिक्षण वर्ग 22 मई से सरस्वती कुंज, निराला नगर में संचालित हो रहा है। इसमें काशी, कानपुर, गोरक्ष तथा अवध प्रांतों के कुल 289 शिक्षार्थी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
सायं 6 बजे प्रारंभ हुआ पथ संचलन सरस्वती कुंज, निराला नगर से निकलकर आठ नंबर चौराहा, विवेकानंदपुरी, महानगर, आईटी मेट्रो स्टेशन (अयोध्या मार्ग), आईटी चौराहा तथा श्री रामकृष्ण मठ के सामने से होकर पुनः वर्ग स्थल पर पहुंचकर संपन्न हुआ।
पथ संचलन के दौरान संघ के घोष वाद्य की मधुर धुनों के साथ स्वयंसेवक अनुशासित पंक्तियों में चलते नजर आए। मार्ग में अनेक स्थानों पर स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान स्वयंसेवकों ने अनुशासन, राष्ट्रभक्ति, संगठन क्षमता और सामूहिकता का प्रभावी प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय प्रचारक प्रमुख स्वान्तरंजन जी, प्रशिक्षण वर्ग के सर्वाधिकारी सरदार स्वर्ण सिंह जी, वर्ग कार्यवाह डॉ. देवेन्द्र अस्थाना, वर्ग पालक मिथिलेश नारायण जी, क्षेत्र प्रचारक अनिल जी, क्षेत्र शारीरिक शिक्षण प्रमुख अखिलेश जी तथा क्षेत्र प्रचार प्रमुख सुभाष चंद्र जी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी अयोध्या मार्ग स्थित महानगर-10 स्थल पर उपस्थित रहे और पथ संचलन का अवलोकन किया।
संघ पदाधिकारियों ने बताया कि प्रशिक्षण वर्ग का उद्देश्य कार्यकर्ताओं में संगठनात्मक दक्षता, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा के संस्कारों का विकास करना है।



