
UP lucknow: राजधानी लखनऊ में बर्थडे पार्टी की शूटिंग के बहाने एक फोटोग्राफर से हुई लाखों रुपये की लूट का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से लूटा गया सामान, एक अवैध तमंचा तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
जानकारी के अनुसार फोटोग्राफर अशोक यादव को बर्थडे पार्टी की शूटिंग के लिए बुलाया गया था। आरोप है कि मौके पर पहुंचने के बाद बदमाशों ने उन्हें असलहे की नोक पर बंधक बना लिया और उनके पास मौजूद महंगे फोटोग्राफी उपकरण लूट लिए। बदमाश कैमरे, लेंस, गैंबल, मोबाइल फोन, लाइट सेटअप समेत अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए थे।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और विभिन्न तकनीकी साक्ष्यों तथा मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राम अनुज, विपिन मिश्रा और रोहन कुमार शर्मा के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से लूटे गए कैमरे, लेंस, गैंबल, मोबाइल फोन और लाइटिंग उपकरण बरामद कर लिए गए हैं। इसके अलावा एक अवैध तमंचा और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बरामद किए गए सामान की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये है। मामले में गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
लखनऊ पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है, क्योंकि वारदात के बाद फोटोग्राफी व्यवसाय से जुड़े लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई थी। पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
रिपोर्ट: निखिल श्रीवास्तव, लखनऊ



