र्स्वण जीत शाहबान ने बढ़ाया प्रयागराज का गौरव

Shahban's gold medal victory has enhanced Prayagraj's pride.

मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में आयोजित 29वीं उत्तर प्रदेश राज्य सीनियर एथलेटिक चैंपियनशिप (बी)-2026 का मंगलवार को उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हुआ। दो दिनों तक चली इस प्रतियोगिता में प्रदेश के 60 जिलों से आए 459 महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान कुल 40 विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का आयोजन उत्तर प्रदेश एथलेटिक एसोसिएशन द्वारा किया गया। हैमर थ्रो स्पर्धा में प्रयागराज के मोहम्मद शाहबान ने पुरुष वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया। महिला हैमर थ्रो में बागपत की अनुष्का यादव विजेता रहीं। पुरुष 200 मीटर दौड़ में यूपी पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल के अंशुल तथा महिला वर्ग में प्रियंका सिकरवार ने पहला स्थान प्राप्त किया।
इसी के माध्यम से राष्ट्रीय टीम में होगा चयन
एसोसिएशन के सचिव नरेंद्र कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयन किया जाएगा। राष्ट्रीय सीनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता 24 से 28 जून 2026 तक भुवनेश्वर (ओडिशा) में आयोजित होगी, जिसमें प्रदेश के चयनित खिलाड़ी उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रतियोगिता के दौरान 100 मीटर, 200 मीटर, 1500 मीटर, 5000 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, हैमर थ्रो, गोला फेंक सहित विभिन्न ट्रैक एवं फील्ड स्पर्धाओं का आयोजन किया गया। खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों और खेल प्रेमियों का भरपूर मनोरंजन किया। विजेता खिलाड़ियों को पदक, ट्रॉफी एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय खेल अधिकारी (आरएसओ) प्रेम कुमार ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता बढ़ाने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का भी विकास करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता के प्रमुख परिणामों में पुरुष 5000 मीटर दौड़ में जीबी नगर के गौरव ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि महिला वर्ग में यूपी पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल की ममता पाल विजेता रहीं। पुरुष 1500 मीटर दौड़ में अमरोहा के लवकुश राणा ने पहला स्थान हासिल किया। लंबी कूद में आगरा के रजत ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया, जबकि महिला लंबी कूद में रायबरेली की दीपांशी सिंह ने बाजी मारी।

र्स्वण पदक के साथ शाहबान

देखने को मिला यूपी पुलिस का दबदबा
पदक तालिका में उत्तर प्रदेश पुलिस का दबदबा देखने को मिला। यूपी पुलिस ने 8 स्वर्ण, 6 रजत और 13 कांस्य पदकों के साथ पहला स्थान हासिल किया। प्रयागराज 4 स्वर्ण, 2 रजत और 1 कांस्य पदक के साथ दूसरे स्थान पर रहा, जबकि आगरा ने 3 स्वर्ण, 2 रजत और 2 कांस्य पदक जीतकर तीसरा स्थान प्राप्त किया। आयोजन समिति के सचिव नरेंद्र कुमार ने प्रतियोगिता की सफलता के लिए खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों, तकनीकी अधिकारियों, ग्राउंड स्टाफ, स्टेडियम कर्मियों एवं स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। समापन समारोह में प्रयागराज जिला एथलेटिक एसोसिएशन के सचिव रुस्तम खान, चयन समिति सदस्य डोरी लाल शर्मा, तकनीकी समिति अध्यक्ष अनु कुमार, जफर उल्लाह, रण विजय, कृष्णानंद त्रिपाठी, दिवाकर शुक्ला, अजय कश्यप, जिला खेल अधिकारी देवी सिंह तथा कोच सत्येंद्र सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। प्रतियोगिता का समापन राष्ट्रगान और धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ

रिपोर्ट : आकाश त्रिपाठी

Show More

Related Articles

Back to top button