
Uttar Pradesh: रामपुरखास विधानसभा क्षेत्र के लालगंज एवं रामपुर संग्रामगढ़ ब्लॉक में आयोजित मंडल, न्याय पंचायत और बूथ पदाधिकारियों की कार्यशाला को संबोधित करते हुए राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी ने महंगाई, बेरोजगारी, स्मार्ट मीटर और छुट्टा जानवरों की समस्या को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला।
शुक्रवार को कैम्प कार्यालय में बड़ी संख्या में जुटे पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रमोद तिवारी ने कहा कि पांच राज्यों के चुनाव समाप्त होते ही केंद्र सरकार ने पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाकर जनता की जेब पर अतिरिक्त बोझ डाल दिया है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल पर ₹3.14 प्रति लीटर और डीजल पर ₹3.11 प्रति लीटर की बढ़ोतरी आम जनता के हित में नहीं, बल्कि चुनिंदा पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाने के लिए की गई है।
उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई, पेपर लीक, बेरोजगारी, जबरन लगाए जा रहे स्मार्ट मीटर और छुट्टा जानवरों से किसानों की फसलों को हो रहे नुकसान के कारण जनता में भाजपा सरकार के प्रति नाराजगी लगातार बढ़ रही है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी ने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि कांग्रेस आज भी लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए मजबूती से खड़ी है। उन्होंने रामपुरखास में विधायक आराधना मिश्रा मोना के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने और घर-घर संपर्क अभियान चलाने का आह्वान किया।
कार्यशाला की अध्यक्षता करते हुए कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता एवं विधायक आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि रामपुरखास में विकास के चलते अब औद्योगिक क्षेत्र की संभावनाएं भी मजबूत हो रही हैं। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से विकास और सुरक्षा के वातावरण को बनाए रखते हुए लोगों के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए सक्रिय रहने की अपील की।
विशिष्ट अतिथि जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. नीरज त्रिपाठी ने संगठन सृजन अभियान पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन मीडिया प्रभारी ज्ञानप्रकाश शुक्ल ने किया।
कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष केडी मिश्र, ब्लॉक प्रमुख अमित सिंह पंकज, आचार्य विंदेश्वरी पटेल, शिव बहादुर सरोज, देशराज यादव, संजय पाल, पूनम द्विवेदी, श्रीराम वर्मा, मोहम्मद खलील, भारत यादव सहित कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सांसद प्रमोद तिवारी एवं विधायक आराधना मिश्रा मोना का सम्मान किया।
इसके पूर्व गुरुवार देर शाम रामपुर संग्रामगढ़ में सरयू प्रसाद तिवारी कॉलेज ऑफ लॉ परिसर में भी कार्यकर्ताओं की कार्यशाला आयोजित की गई। यहां भी नेताओं ने चिकित्सा, सड़क, पेयजल और शिक्षा के क्षेत्र में हुए विकास कार्यों को रामपुरखास की बड़ी उपलब्धि बताया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट : उमेश पाण्डेय, जिला संवाददाता, यूनाईटेड भारत



