
Hantavirus : World Health Organization ने हंतावायरस प्रकोप को लेकर बढ़ रही चिंताओं को खारिज करते हुए कहा है कि यह COVID-19 जैसी वैश्विक महामारी नहीं बनने जा रहा। अटलांटिक महासागर में एक क्रूज जहाज पर हंटावायरस के आठ मामलों की पुष्टि के बाद दुनियाभर में चिंता बढ़ गई थी।
WHO की महामारी तैयारी और रोकथाम निदेशक Maria Van Kerkhove ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि हंटावायरस एक “पूरी तरह अलग वायरस” है और यह कई वर्षों से मौजूद है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान प्रकोप फिलहाल क्रूज जहाज और उसके यात्रियों तक ही सीमित है।
उन्होंने कहा, “यह COVID नहीं है। हम इस वायरस को जानते हैं और यह स्थिति छह साल पहले की महामारी जैसी नहीं है।”
क्रूज जहाज पर मिले 8 मामले, 3 लोगों की मौत
WHO के अनुसार, अब तक कुल आठ मामलों की पहचान हुई है, जिनमें पांच मामलों की पुष्टि हो चुकी है जबकि तीन संदिग्ध हैं। एजेंसी ने तीन संक्रमित लोगों की मौत की भी पुष्टि की है। इसके बाद जहाज से उतर चुके यात्रियों की कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग शुरू कर दी गई है।
Tedros Adhanom Ghebreyesus ने इस स्थिति को “गंभीर घटना” बताया, लेकिन कहा कि फिलहाल सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए खतरा कम बना हुआ है।
WHO बोला- पब्लिक हेल्थ उपायों से प्रकोप रहेगा सीमित
WHO के इमरजेंसी अलर्ट और रिस्पॉन्स निदेशक Abdi Rahman Mahamud ने कहा कि यदि सभी देश सार्वजनिक स्वास्थ्य उपायों का पालन करें और आपसी सहयोग बनाए रखें, तो यह प्रकोप सीमित दायरे में ही रहेगा।
विशेषज्ञों का मानना है कि समय रहते निगरानी, कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग और स्वास्थ्य प्रोटोकॉल लागू करने से हंटावायरस के फैलाव को नियंत्रित किया जा सकता है।



