EU Special Envoy India Visit- ईयू की विशेष दूत का भारत दौरा, रणनीतिक साझेदारी बढ़ाने पर जोर

EU Special Envoy India Visit- हिंद-प्रशांत (इंडो-पैसिफिक) क्षेत्र के लिए यूरोपीय संघ (ईयू) की विशेष दूत, मारिया कैस्टिलो फर्नांडीज भारत दौरे पर हैं। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य भारत और यूरोपीय संघ के बीच रणनीतिक संबंधों को और अधिक सुदृढ़ करना है। फर्नांडीज ने नई दिल्ली में विदेश मंत्रालय के सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज से मुलाकात की। इस बैठक में भारत-यूरोपीय संघ रणनीतिक साझेदारी को और गहरा करने पर विस्तृत चर्चा हुई।
बातचीत में हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सुरक्षा, स्थिरता और आर्थिक सहयोग जैसे विषयों पर ध्यान केंद्रित किया गया। विशेष दूत के रूप में फर्नांडीज का लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय नियमों पर आधारित व्यवस्था के प्रति साझा प्रतिबद्धता के साथ हिंद-प्रशांत क्षेत्र के साथ यूरोपीय संघ की भागीदारी को एक विश्वसनीय और दीर्घकालिक भागीदार के रूप में मजबूत करना है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने जॉर्ज और फर्नांडीज की मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर साझा करते हुए लिखा सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लिए ईयू की विशेष दूत सुश्री मारिया कैस्टिलो फर्नांडीज का स्वागत किया और भारत-ईयू रणनीतिक साझेदारी को और गहरा करने पर चर्चा की।
यह यात्रा ऐसे समय में हुई है, जब भारत और यूरोपीय संघ अपने मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को शीघ्र अंतिम रूप देने और उसे लागू करने की दिशा में सकारात्मक गति बनाए रखने पर सहमत हुए हैं। जनवरी 2026 में भारत और ईयू ने अपनी पहली सुरक्षा और रक्षा साझेदारी पर हस्ताक्षर किए। यह समझौता केवल बातचीत तक सीमित नहीं है, बल्कि परिचालन सहयोग (ऑपरेशनल को-ऑपरेशन) पर आधारित है।
(रिपोर्ट. शाश्वत तिवारी)

Show More

Related Articles

Back to top button