
Chhindwara Road Accident : मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें 10 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा उमरानाला क्षेत्र में शाम करीब 6:30 बजे हुआ।
पुलिस के अनुसार, बस में 40 से अधिक यात्री सवार थे और यह छिंदवाड़ा से उमरानाला की ओर जा रही थी। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बस सिमरिया के पास एक वाहन को ओवरटेक कर रही थी, तभी सामने से आ रही लहसुन से लदी पिकअप से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बस अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे कई यात्रियों को गंभीर चोटें आईं।
हादसे में कुछ यात्रियों के हाथ कटने और कई के सिर में गंभीर चोटें लगने की जानकारी सामने आई है। हरेंद्र नारायण ने 10 लोगों की मौत की पुष्टि की है और बताया कि पांच से अधिक घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि बस में सवार कई यात्री चौरई तहसील में आयोजित एक सरकारी कार्यक्रम से लौट रहे थे, जिसमें डॉ. मोहन यादव भी शामिल हुए थे।
घटना के बाद पुलिस और मेडिकल टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।



