
Kaithal Sant Samagam : यूपी के सीएम Yogi Adityanath ने कहा कि जिन राजनीतिक दलों को जनता ने नकार दिया है और जो मुकाबला नहीं कर पा रहे हैं, वे अफवाह फैलाकर देश में अराजकता और अव्यवस्था पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश और सनातन की सुरक्षा एक-दूसरे से जुड़ी हुई है, इसलिए सभी को मिलकर “एक भारत-श्रेष्ठ भारत” के निर्माण के लिए काम करना होगा।
मुख्यमंत्री हरियाणा के Kaithal जिले के सौंगल गांव स्थित बाबा मुकुट नाथ मठ में आयोजित ब्रह्मलीन श्री महंत पीर गणेश नाथ जी के आठमान भंडारा, देशमेल और शंखाढाल कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने संतों के प्रति श्रद्धा व्यक्त की और आयोजन के लिए पीर शेरनाथ जी महाराज को शुभकामनाएं दीं।
पहले वोट बैंक की राजनीति में उलझी रहती थीं सरकारें
सीएम योगी ने कहा कि देश में पहले की सरकारें वोटबैंक और तुष्टिकरण की राजनीति में उलझी रहीं, इसलिए लंबे समय तक आस्था से जुड़े मुद्दों की अनदेखी हुई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण संभव हो पाया।
उन्होंने कहा कि आज काशी विश्वनाथ धाम, महाकाल महालोक, केदारपुरी और बद्रीनाथ धाम जैसे धार्मिक स्थलों का विकास इसलिए हो रहा है क्योंकि देश में आस्था को सम्मान देने वाली सरकारें हैं।
विपक्ष को लिया निशाने पर
सीएम योगी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जो दल जनता का विश्वास खो चुके हैं, वे अब देश की संवैधानिक संस्थाओं जैसे न्यायपालिका, लोकसभा और चुनाव आयोग पर सवाल उठा रहे हैं।
उन्होंने पाकिस्तान पर भारत में नशे के कारोबार को बढ़ावा देने की साजिश का आरोप लगाते हुए समाज से इसके खिलाफ जागरूकता अभियान चलाने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संतों के सानिध्य में सनातन की ध्वज पताका हमेशा ऊंची रहेगी और धर्मस्थल केवल आस्था ही नहीं बल्कि राष्ट्र चेतना के भी केंद्र हैं।



