BJP vs TMC: कोलकाता बना रणक्षेत्र! मोदी रैली से पहले हिंसा और तोड़फोड़ की घटनाएं

BJP vs TMC: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रस्तावित ब्रिगेड रैली से पहले शनिवार को राजनीतिक तनाव खुलकर सामने आ गया। शहर के गिरीश पार्क इलाके में भाजपा और तृणमूल कांग्रेस समर्थकों के बीच कथित तौर पर झड़प की घटनाएं सामने आईं, जिससे कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रैली में शामिल होने जा रहे भाजपा समर्थकों के वाहनों पर ईंट-पत्थर फेंके गए, जिससे कई लोग घायल हो गए और कुछ गाड़ियों को नुकसान पहुंचा। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और पुलिस को स्थिति संभालने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरतनी पड़ी।

इसी बीच रैली स्थल ब्रिगेड मैदान के आसपास विभिन्न स्थानों पर लगे प्रधानमंत्री के कटआउट और पोस्टरों के साथ तोड़फोड़ की घटनाएं भी सामने आई हैं। एक्साइड मोड़ के पास एक कटआउट क्षतिग्रस्त हालत में मिला, जिसमें सिर का हिस्सा कटा हुआ जमीन पर पड़ा दिखाई दिया। इसके अलावा वीआईपी रोड सहित शहर के अन्य इलाकों में ‘मोदी गो बैक’ जैसे संदेशों वाले होर्डिंग भी लगाए जाने की खबरें सामने आई हैं। इन घटनाओं ने रैली से पहले राजनीतिक माहौल को और गर्मा दिया है।

Also Read: कोविड-19 की आपात परिस्थितियों के लिए FMG छात्रों को दंडित करना अनुचित: डेमोक्रेटिक मेडिकल एसोसिएशन (DMA)

भाजपा ने इन घटनाओं के लिए तृणमूल कांग्रेस पर आरोप लगाया है और कहा है कि उनके समर्थकों को रैली में शामिल होने से रोकने के लिए जानबूझकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई। वहीं दूसरी ओर, मेदिनीपुर के नारायणगढ़ विधानसभा क्षेत्र में रैली के लिए जा रही एक बस में भी तोड़फोड़ और एक कार्यकर्ता के साथ मारपीट की सूचना मिली है। हालांकि इन आरोपों पर तृणमूल की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।

प्रशासन ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी है और रैली को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। राजनीतिक हलकों में इन घटनाओं को आगामी राजनीतिक गतिविधियों के संकेत के रूप में भी देखा जा रहा है।

Written By: Kalpana Pandey

Show More

Related Articles

Back to top button