International News: Mojtaba Khamenei कहाँ हैं? ईरान के नए सुप्रीम लीडर को लेकर बढ़ा रहस्य

International News: ईरान की राजनीति और पश्चिम एशिया के हालात इन दिनों एक नए रहस्य से घिरे हुए हैं। सवाल यह उठ रहा है कि ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोज्तबा खामेनेई आखिर कहां हैं? उन्हें पद संभाले करीब चार दिन हो चुके हैं, लेकिन अब तक वे न तो सार्वजनिक रूप से सामने आए हैं और न ही कोई वीडियो संदेश जारी किया है।

दरअसल, हाल ही में अमेरिका और इजरायल के साथ बढ़ते सैन्य तनाव के बीच ईरान ने अपने नए नेतृत्व की घोषणा की थी। लेकिन घोषणा के बाद से ही मोज्तबा खामेनेई पूरी तरह सार्वजनिक जीवन से गायब हैं। ईरान के सरकारी मीडिया ने भी अब तक उनके किसी नए बयान या वीडियो को जारी नहीं किया है, बल्कि पुराने फुटेज का ही इस्तेमाल किया जा रहा है।

इसी बीच कुछ रिपोर्टों में यह दावा भी सामने आया है कि हालिया हमलों के दौरान वे घायल हो गए थे। ईरान के सरकारी टेलीविजन ने उन्हें “जानबाज़-ए-रमजान” यानी रमजान के युद्ध में घायल योद्धा बताया है। हालांकि उनकी हालत को लेकर अब तक कोई आधिकारिक और स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।

दूसरी तरफ सुरक्षा को लेकर भी कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक ईरान की विशेष आतंकवाद-रोधी यूनिट NOPO को उनकी सुरक्षा में तैनात किया गया है। यह यूनिट आम तौर पर बंधक-मुक्ति और संवेदनशील ऑपरेशनों के लिए जानी जाती है।

Also Read: Lucknow: लखनऊ वालों के लिए बड़ी राहत की खबर! ग्रीन कॉरिडोर के दूसरे चरण का 13 मार्च को लोकार्पण

विशेषज्ञों का मानना है कि मौजूदा हालात में ईरान के शीर्ष नेतृत्व की सुरक्षा सबसे बड़ी प्राथमिकता बन गई है। लेकिन सवाल अभी भी कायम है—क्या मोज्तबा खामेनेई वास्तव में घायल हैं, या फिर बढ़ते हमलों के खतरे के कारण उन्हें सुरक्षित स्थान पर रखा गया है?

जब तक ईरान की ओर से आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आती, तब तक यह रहस्य बना रहेगा कि आखिर नए सुप्रीम लीडर की असली स्थिति क्या है।

Written By: Kalpana Pandey

Show More

Related Articles

Back to top button