
Varanasi News : श्री काशी विश्वनाथ धाम में एक प्रेरक घटना सामने आई है, जहां भूलवश अधिक जमा हुई धनराशि श्रद्धालु को लौटा दी गई। धाम प्रशासन ने श्रद्धालु के प्रति संवेदनशील व्यवहार दिखाने वाले पंडा को सम्मानित भी किया।
जानकारी के अनुसार, ब्रह्मदत्त शर्मा नामक श्रद्धालु अपने परिवार के साथ दर्शन के लिए पहुंचे थे। उनके साथ पंडा समाज के संजय पांडेय मौजूद थे। परिवार को सुगम दर्शन के लिए चार व्यक्तियों के हिसाब से 1200 रुपये जमा करने थे, लेकिन ऑनलाइन भुगतान के दौरान गलती से 10,659 रुपये मंदिर खाते में ट्रांसफर हो गए।
अचानक बैंक खाते से पूरी राशि कट जाने के कारण श्रद्धालु परिवार चिंतित हो गया। परिवार की स्थिति देख पंडा संजय पांडेय उन्हें तत्काल धाम प्रशासन कार्यालय ले गए, जहां मुख्य कार्यपालक अधिकारी के समक्ष पूरी बात रखी गई।
मामले की जांच और बैंक विवरण के सत्यापन के बाद अतिरिक्त जमा की गई राशि प्रार्थना पत्र के आधार पर श्रद्धालु को वापस कर दी गई।
इस अवसर पर मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने संजय पांडेय को उनकी सजगता, संवेदनशीलता और श्रद्धालुओं के प्रति सहृदय व्यवहार के लिए प्रशंसा-पत्र और सम्मान प्रदान किया।
धाम प्रशासन ने कहा कि वह श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और संतोष के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। मंदिर न्यास ने भी पंडा समाज के इस आचरण की सराहना करते हुए इसे सेवा भावना का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
मीडिया से अपील
धाम प्रशासन ने मीडिया प्रतिनिधियों से अनुरोध किया है कि समाज में सकारात्मक संदेश प्रसारित करने के उद्देश्य से इस प्रेरक समाचार का व्यापक प्रचार-प्रसार करें, ताकि श्रद्धालुओं में विश्वास और सेवा भाव को बढ़ावा मिले।



