भारत-इजरायल के बीच एफटीए जल्द, रिश्तों को मिला “स्पेशल स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप” का दर्जा

पीएम नरेंद्र मोदी और बेंजामिन नेतन्याहू ने संयुक्त प्रेस वार्ता में भारत-इजरायल संबंधों को “स्पेशल स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप” का दर्जा दिया। जल्द एफटीए पर समझौता, रक्षा और टेक्नोलॉजी सहयोग बढ़ाने पर सहमति, इजरायल में लागू होगा UPI।

तेल अवीव/यरूशलम। Narendra Modi के दो दिवसीय इजरायल दौरे के दौरान भारत और इजरायल ने संबंधों को नई ऊंचाई पर पहुंचाते हुए मुक्त व्यापार समझौते (FTA) को जल्द अंतिम रूप देने का ऐलान किया।

संयुक्त प्रेस वार्ता में इजरायल के प्रधानमंत्री Benjamin Netanyahu के साथ पीएम मोदी ने कहा कि दोनों देशों ने अपनी “टाइम टेस्टेड पार्टनरशिप” को अब “स्पेशल स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप” का दर्जा देने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है।

रक्षा, टेक्नोलॉजी और जॉइंट प्रोडक्शन पर सहमति

दोनों नेताओं ने रक्षा क्षेत्र में जॉइंट डेवलपमेंट, डिफेंस प्रोडक्शन और टेक्नोलॉजी ट्रांसफर को मजबूत करने पर सहमति जताई।

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, क्वांटम टेक्नोलॉजी, सेमीकंडक्टर और जरूरी खनिज जैसे क्षेत्रों में भी सहयोग बढ़ाया जाएगा।

रक्षा, अंतरिक्ष और सिविल न्यूक्लियर एनर्जी सेक्टर में संयुक्त परियोजनाओं पर काम करने का फैसला हुआ है।

इजरायल में लागू होगा भारत का UPI सिस्टम

डिजिटल सहयोग को बढ़ाते हुए दोनों देशों के बीच इजरायल में भारत के डिजिटल भुगतान प्लेटफॉर्म Unified Payments Interface (UPI) को लागू करने पर सहमति बनी है। इससे व्यापार, निवेश और पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

याद वाशेम में श्रद्धांजलि, राष्ट्रपति हर्जोग से मुलाकात

दौरे के दौरान पीएम मोदी ने यरूशलम स्थित होलोकॉस्ट स्मारक Yad Vashem में नाजी शासन में मारे गए यहूदियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

उन्होंने इजरायल के राष्ट्रपति Isaac Herzog से भी मुलाकात की। राष्ट्रपति हर्जोग ने भारत की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था की सराहना की, जबकि पीएम मोदी ने उन्हें भारत आने का निमंत्रण दिया।

गाजा शांति योजना पर भारत का समर्थन

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत का स्पष्ट रुख है कि किसी भी संघर्ष में इंसानियत पीड़ित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने गाजा शांति प्रयासों का समर्थन करते हुए पश्चिम एशिया में स्थिरता को भारत के सुरक्षा हितों से जुड़ा बताया। आतंकवाद के खिलाफ दोनों देश मिलकर काम करेंगे।

कृषि और शिक्षा में नई पहल

भारत में इजरायल के सहयोग से स्थापित “सेंटर्स ऑफ एक्सीलेंस” की संख्या 100 तक बढ़ाई जाएगी। साथ ही “विलेज ऑफ एक्सीलेंस” मॉडल के जरिए आधुनिक खेती तकनीक गांव-गांव तक पहुंचाई जाएगी।

युवा और शिक्षा सहयोग के तहत इंडिया-इजरायल अकादमिक फोरम की स्थापना की जाएगी, जिससे शोध और नवाचार को बढ़ावा मिलेगा।

एफटीए से व्यापार को मिलेगी रफ्तार

भारत-इजरायल एफटीए पर बातचीत का पहला दौर 23-26 फरवरी 2026 को नई दिल्ली में पूरा हुआ। नवंबर 2025 में दोनों देशों ने टर्म्स ऑफ रेफरेंस पर हस्ताक्षर किए थे।

वित्त वर्ष 2024-25 में भारत-इजरायल व्यापार 3.62 अरब अमेरिकी डॉलर रहा। प्रस्तावित एफटीए से खासकर MSME सेक्टर को बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है।

इजरायल और फिलिस्तीन दोनों से सर्वोच्च सम्मान पाने वाले पहले नेता

पीएम मोदी इजरायल और फिलिस्तीन दोनों से सर्वोच्च नागरिक सम्मान प्राप्त करने वाले दुनिया के पहले नेता बन गए हैं।

इजरायल दौरे के दौरान उन्हें नेसेट के सर्वोच्च सम्मान ‘स्पीकर ऑफ द नेसेट मेडल’ से सम्मानित किया गया। इससे पहले 2018 में उन्हें फिलिस्तीन के सर्वोच्च सम्मान से नवाजा गया था।

प्रधानमंत्री ने इस सम्मान को भारत-इजरायल की स्थायी मित्रता को समर्पित बताया।

Show More

Related Articles

Back to top button