
CM Yogi Singapore Japan Visit : योगी आदित्यनाथ का चार दिवसीय सिंगापुर और जापान दौरा उत्तर प्रदेश के लिए निवेश और वैश्विक साझेदारी के लिहाज से बेहद सफल साबित हुआ। इस दौरे के दौरान प्रदेश को कुल ₹1.5 लाख करोड़ के एमओयू प्राप्त हुए, जबकि ₹2.5 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिले। यह पहल वर्ष 2029-30 तक उत्तर प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
ऑटो, सेमीकंडक्टर और ग्रीन एनर्जी पर फोकस
जापान दौरे के दौरान कई प्रमुख कंपनियों के साथ समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इनमें Kubota Corporation, Spark Minda (टोयो डेन्सो के सहयोग से), Japan Aviation Electronics Industry, Nagase & Co., Ltd. शामिल हैं।
बी2जी बैठकों में जिन कंपनियों ने सहभागिता की, उनमें Suzuki Motor Corporation, Honda Cars India Ltd., Mitsui & Co., Ltd., Marubeni Corporation, MUFG Bank प्रमुख हैं।
इन निवेशों का मुख्य फोकस कृषि मशीनरी, ऑटो ओईएम व कंपोनेंट्स, सेमीकंडक्टर, डाटा सेंटर, ग्रीन हाइड्रोजन, कंप्रेस्ड बायो गैस, लॉजिस्टिक्स और वेयरहाउसिंग जैसे क्षेत्रों पर रहा।
ग्रीन हाइड्रोजन सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना
हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए जापान के University of Yamanashi और भारत के IIT Kanpur, IIT BHU समेत अन्य संस्थानों के सहयोग से ग्रीन हाइड्रोजन सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने की घोषणा की गई।
यह पहल उत्तर प्रदेश को स्वच्छ ऊर्जा और तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में अग्रणी बनाने की दिशा में अहम मानी जा रही है।
यमुना एक्सप्रेसवे पर बनेगी ‘जापान सिटी’
यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) क्षेत्र में 500 एकड़ में ‘जापान सिटी’ विकसित की जाएगी। यहां जापानी कंपनियों के लिए समर्पित औद्योगिक वातावरण और ऑटो क्लस्टर तैयार किया जाएगा।
साथ ही ‘इन्वेस्ट यूपी’ में जापान डेस्क को और मजबूत किया जाएगा, जिसकी मॉनिटरिंग सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय करेगा।
मैग्लेव ट्रेन और FANUC प्लांट का दौरा
मुख्यमंत्री ने जापान में एलजीरो सीरीज मैग्लेव ट्रेन स्टेशन का दौरा कर हाई-स्पीड ट्रेन में यात्रा की और उन्नत परिवहन तकनीक पर सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की।
इसके अलावा FANUC Corporation के रोबोटिक्स और फैक्ट्री ऑटोमेशन संयंत्र का निरीक्षण किया गया। कंपनी ने उत्तर प्रदेश में निवेश और एमएसएमई सेक्टर को तकनीकी सहयोग देने की इच्छा जताई।
पर्यटन और कौशल विकास में सहयोग
जापान और उत्तर प्रदेश के बीच बौद्ध सर्किट और रामायण सर्किट को जोड़कर आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने पर सहमति बनी। इससे पर्यटन, आतिथ्य और सेवा क्षेत्र में निवेश के नए अवसर पैदा होंगे।
साथ ही जापानी उद्योगों की जरूरत के अनुसार भाषा और तकनीकी प्रशिक्षण कार्यक्रम भी शुरू किए जाएंगे।
सिंगापुर में एमआरओ और कार्गो हब पर जोर
सिंगापुर दौरे के दौरान एमआरओ, कार्गो हब, सेमीकंडक्टर, डेटा सेंटर, लॉजिस्टिक्स और फिनटेक क्षेत्रों में निवेश सहयोग पर सहमति बनी।
विशेष रूप से Noida International Airport को एमआरओ और कार्गो हब के रूप में विकसित करने पर सकारात्मक चर्चा हुई।
यूपी बना निवेश का ड्रीम डेस्टिनेशन
मुख्यमंत्री के इस विदेशी दौरे ने यह स्पष्ट किया कि बेहतर कानून-व्यवस्था, पारदर्शी नीतियां और मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर के चलते उत्तर प्रदेश अब वैश्विक निवेश मानचित्र पर मजबूती से उभर रहा है।
₹1.5 लाख करोड़ के एमओयू और ₹2.5 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव इस बात का प्रमाण हैं कि यूपी अब निवेशकों की पहली पसंद बनता जा रहा है।



