
Tragedy in Manali: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के पोते वीर सोरेन के निधन की खबर ने परिवार और समर्थकों को गहरे सदमे में डाल दिया है। चंपई सोरेन ने स्वयं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर इस दुखद घटना की जानकारी दी और शोक व्यक्त किया।
जानकारी के अनुसार वीर सोरेन 22 फरवरी को अपने दोस्तों के साथ हिमाचल प्रदेश घूमने गए थे। वे मनाली के पास सिमसा इलाके में एक होमस्टे में ठहरे हुए थे। यात्रा के दौरान समूह ने सोलंग वैली, सेथन और हमटा पास जैसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों का दौरा किया। दिनभर घूमने के बाद सभी शाम को अपने ठिकाने पर लौट आए।
बताया गया है कि 24 फरवरी को दिनभर घूमने के बाद वीर को तेज सिरदर्द की शिकायत हुई। उनके दोस्त कुछ समय के लिए बाहर चले गए, जबकि वीर कमरे में ही रुक गए। उन्होंने दवा ली और आराम करने के लिए सो गए। कुछ घंटों बाद कमरे से तेज आवाज सुनाई दी, जिसके बाद दोस्तों ने अंदर जाकर देखा तो वीर अचेत अवस्था में पड़े थे और उनके मुंह से झाग निकल रहा था।
Tragedy in Manali; Also read- Vijay-Rashmika- विजय–रश्मिका की हल्दी में सजा शाही रंग, पीएम मोदी ने भेजी शुभकामनाएं
उन्हें तुरंत मनाली के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने सीपीआर देकर उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
स्थानीय पुलिस के अनुसार मामले में किसी तरह की साजिश या आपराधिक पहलू के संकेत नहीं मिले हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि ऊंचाई वाले इलाके में ऑक्सीजन की कमी, जिसे हाइपोक्सेमिया या हाई एल्टीट्यूड सिकनेस कहा जाता है, इसकी वजह हो सकती है। पुलिस ने बताया कि शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए। परिवार की इच्छा पर पोस्टमार्टम नहीं कराया गया और शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया।
इस अचानक हुई घटना से परिवार में शोक की लहर है। वीर सोरेन की असामयिक मृत्यु ने एक बार फिर ऊंचाई वाले क्षेत्रों में यात्रा के दौरान स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतने की जरूरत को रेखांकित किया है।



