सिंगापुर दौरे का दूसरा दिन : लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव, 60 हजार करोड़ के MoU साइन – सीएम योगी

सीएम योगी आदित्यनाथ के सिंगापुर दौरे के दूसरे दिन यूपी को ₹1 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव और ₹60 हजार करोड़ के MoU साइन। 1 ट्रिलियन डॉलर इकॉनमी लक्ष्य की दिशा में बड़ा कदम।

UP News : योगी आदित्यनाथ के सिंगापुर दौरे के दूसरे दिन उत्तर प्रदेश को बड़ा निवेश लाभ मिला। मुख्यमंत्री ने प्रेसवार्ता में बताया कि टीम यूपी को करीब ₹1 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनमें से ₹60 हजार करोड़ के एमओयू ‘इन्वेस्ट यूपी’ के माध्यम से हस्ताक्षरित हो चुके हैं। उन्होंने इसे 2029-30 तक 1 ट्रिलियन डॉलर इकॉनमी के लक्ष्य की दिशा में निर्णायक कदम बताया।

सिंगापुर के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात

मुख्यमंत्री ने बताया कि दो दिनों में 100 से अधिक प्रतिनिधियों और उद्योग समूहों से बातचीत हुई। इस दौरान सिंगापुर के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, उपप्रधानमंत्री, गृहमंत्री और ऊर्जा मंत्री सहित शीर्ष नेतृत्व से सार्थक वार्ता हुई।

सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजनरी नेतृत्व में भारत की वैश्विक छवि मजबूत हुई है और उसी का लाभ उत्तर प्रदेश को भी मिल रहा है।

एमआरओ, कार्गो, सेमीकंडक्टर और डेटा सेंटर में सहयोग

मुख्यमंत्री के अनुसार, एमआरओ (मेंटेनेंस, रिपेयर एंड ओवरहॉल), कार्गो हब, सेमीकंडक्टर, डेटा सेंटर, स्किलिंग और लॉजिस्टिक्स जैसे क्षेत्रों में व्यापक सहयोग पर सहमति बनी है।

विशेष रूप से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर एयरपोर्ट) को एमआरओ और कार्गो हब के रूप में विकसित करने पर चर्चा हुई। सीएम ने कहा कि वर्तमान में कई अंतरराष्ट्रीय विमान अपने एमआरओ कार्यों के लिए सिंगापुर आते हैं, लेकिन यह सुविधा जेवर में विकसित कर भारत को बड़ा लाभ दिलाया जा सकता है।

यूपी में बदली निवेशकों की धारणा

सीएम योगी ने कहा कि दुनिया आज पूरी तरह पारदर्शी है और निवेशकों को उत्तर प्रदेश में हो रही हर गतिविधि की जानकारी है। पिछले साढ़े आठ-नौ वर्षों में यूपी ने इंफ्रास्ट्रक्चर, लॉजिस्टिक्स, सर्विस सेक्टर और जनकल्याण के क्षेत्रों में तेजी से विकास किया है।

उन्होंने कहा कि निवेशकों की धारणा में 360 डिग्री का सकारात्मक परिवर्तन आया है। गंगा एक्सप्रेसवे सहित कई बड़े प्रोजेक्ट्स में पहले से निवेश हो रहा है।

स्किलिंग मॉडल और एम्प्लॉयमेंट जोन

प्रतिनिधिमंडल ने सिंगापुर के विश्वस्तरीय स्किलिंग सेंटर (आईटीई) का भी दौरा किया। मुख्यमंत्री ने बताया कि यूपी में ‘लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल एम्प्लॉयमेंट जोन’ विकसित करने की दिशा में काम चल रहा है, जिससे स्किलिंग को सीधे रोजगार से जोड़ा जाएगा।

टीम यूपी की सराहना

मुख्यमंत्री ने वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, उद्योग मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ और प्रतिनिधिमंडल के सभी अधिकारियों की सराहना की। साथ ही भारतीय उच्चायुक्त और उनकी टीम को धन्यवाद दिया, जिन्होंने निवेशकों के सामने यूपी की संभावनाओं को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि सिंगापुर में हुए निवेश समझौते उत्तर प्रदेश को 1 ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के लक्ष्य की ओर तेज गति से आगे बढ़ाएंगे।

Show More

Related Articles

Back to top button