
AI Summit Protest : New Delhi के भारत मंडपम में आयोजित AI इम्पैक्ट समिट के दौरान हुए प्रदर्शन को लेकर Delhi Police की स्पेशल सेल ने बड़ा दावा किया है। पुलिस के अनुसार, यह प्रदर्शन “देश को बदनाम करने की सुनियोजित साजिश” का हिस्सा था, जिसके तार कई राज्यों से जुड़े पाए गए हैं। मामले की आगे की जांच क्राइम ब्रांच की इंटर-स्टेट सेल को सौंपी गई है।
8 आरोपी गिरफ्तार, उदय भानु चिब पुलिस रिमांड पर
इस मामले में अब तक कुल 8 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में उदय भानु चिब भी शामिल हैं, जिन्हें 4 दिन की पुलिस कस्टडी में भेजा गया है।
20 फरवरी को AI समिट के दौरान कथित तौर पर सुरक्षा घेरा तोड़ने की कोशिश की गई थी, जिससे अंतरराष्ट्रीय मेहमानों और आयोजकों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
कई धाराओं में दर्ज हुई FIR
तिलक मार्ग थाने में FIR नंबर 19/2026 भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज की गई है। बाद में जांच के दौरान अतिरिक्त धाराएं भी जोड़ी गईं।
स्पेशल सीपी (क्राइम ब्रांच) देवेश चंद्र श्रीवास्तव के अनुसार, प्रारंभिक जांच में बहु-राज्यीय कनेक्शन, वित्तीय और लॉजिस्टिक नेटवर्क के संकेत मिले हैं। कार्यक्रम स्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों में कई संदिग्धों की मौजूदगी दर्ज हुई है।
इंटर-स्टेट नेटवर्क की जांच
पुलिस का कहना है कि कुछ लोगों ने प्रदर्शनकारियों को सहायता उपलब्ध कराई थी। अन्य राज्यों की पुलिस के साथ समन्वय कर छापेमारी की जा रही है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, सुरक्षा घेरा भंग करने की कोशिश पूर्वनियोजित थी और इसके पुख्ता प्रमाण मिले हैं।
फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस पूरे नेटवर्क का खुलासा करने में जुटी है।



