
Noida News : Greater Noida के लुक्सर गांव में मंगलवार सुबह पुरानी रंजिश के चलते 24 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना का CCTV फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें तीन हमलावर युवक का पीछा करते और उस पर फायरिंग करते दिखाई दे रहे हैं।
घर के बाहर घेरकर मारी गोली
मृतक की पहचान नितिन के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, नितिन किसी काम से घर से बाहर निकला था, तभी हथियारबंद आरोपियों ने उसे घेर लिया और गोली चला दी। गंभीर रूप से घायल नितिन को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने दो लोगों को लिया हिरासत में
एडिशनल डीसीपी सुधीर कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। प्रारंभिक जांच में पुरानी दुश्मनी की बात सामने आई है। पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
2024 की फायरिंग से जुड़ा हो सकता है मामला
Uttar Pradesh Police के अधिकारियों के अनुसार, नितिन वर्ष 2024 में हुई एक फायरिंग की घटना में भी शामिल रहा था, जिसके बाद दूसरे पक्ष ने शिकायत दर्ज कराई थी। आशंका है कि यह हत्या उसी रंजिश का परिणाम हो सकती है।
इकोटेक-I थाने के एसएचओ अरविंद कुमार वर्मा ने बताया कि लुक्सर गांव में एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और कानून-व्यवस्था की स्थिति नियंत्रण में है। हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।



