Lucknow News : पैथोलॉजी लैब मालिक की हत्या, ड्रम में मिला धड़, बेटे पर आरोप

Lucknow News : लखनऊ के आशियाना में पैथोलॉजी लैब मालिक की हत्या, ड्रम में मिला धड़। 3 दिन से लापता थे मानवेंद्र सिंह, बेटे पर हत्या का आरोप। पढ़ें पूरी खबर।

Lucknow News : राजधानी लखनऊ के आशियाना इलाके में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। वर्धमान पैथोलॉजी लैब के मालिक मानवेंद्र सिंह की हत्या कर शव को टुकड़ों में काटकर घर में रखे ड्रम में छिपा दिया गया। पुलिस जांच में प्रारंभिक तौर पर बेटे पर हत्या का आरोप सामने आया है।

3 दिन से थे लापता, दर्ज थी गुमशुदगी

पुलिस के अनुसार मानवेंद्र सिंह 20 फरवरी से लापता थे। परिजनों ने उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। जांच के दौरान उनका मोबाइल फोन आखिरी बार काकोरी स्थित लैब पर सक्रिय मिला, लेकिन वहां से कोई ठोस सुराग नहीं मिला।

संदेह के आधार पर पुलिस ने उनके बेटे अक्षत से पूछताछ की। सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ में उसने पहले आत्महत्या की बात कही, लेकिन बाद में बयान बदलते हुए हत्या की बात स्वीकार की।

गोली मारकर की हत्या, शव के किए दो टुकड़े

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हत्या घर के अंदर की गई। इसके बाद शव को दो हिस्सों में काट दिया गया। सिर वाले हिस्से को कार से कहीं फेंक दिया गया, जबकि धड़ को घर के अंदर ड्रम में छिपाकर रखा गया था।

सोमवार शाम पुलिस आरोपी बेटे को साथ लेकर आशियाना सेक्टर-एल स्थित मकान नंबर 91 पहुंची, जहां से ड्रम में रखा धड़ बरामद किया गया। पुलिस सिर की तलाश में आरोपी से पूछताछ कर रही है।

परिवार और पुलिस जांच

बताया जा रहा है कि घटना के समय मृतक की पत्नी गांव में थीं, जबकि घर में बेटी मौजूद थी। आरोपी अक्षत बीकॉम का छात्र है। फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे के कारणों की जांच कर रही है और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

मामले ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।

Show More

Related Articles

Back to top button