Punjab News: गुरदासपुर बॉर्डर चौकी पर दो पुलिसकर्मियों की संदिग्ध मौत, परिवार ने आपसी फायरिंग की थ्योरी खारिज की

Punjab News: पंजाब के गुरदासपुर जिले के अदियान गांव स्थित बॉर्डर चेक-पोस्ट पर तैनात दो पुलिसकर्मियों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। डोरंगला थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई इस घटना में असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर गुरनाम सिंह और होम गार्ड जवान अशोक कुमार की जान चली गई। घटना देर रात करीब एक बजे की बताई जा रही है।

परिवारों ने पुलिस की उस शुरुआती आशंका को सिरे से खारिज कर दिया है जिसमें आपसी फायरिंग की बात कही जा रही थी। दोनों के परिजनों का कहना है कि उनके बीच कोई विवाद नहीं था और वे एक-दूसरे का सम्मान करते थे। मृतक गुरनाम सिंह के बेटे संदीप सिंह और अशोक कुमार के बेटे संदीप कुमार ने दावा किया कि दोनों के सर्विस हथियार पूरी तरह लोडेड मिले हैं, जिससे आपसी गोलीबारी की थ्योरी पर सवाल खड़े होते हैं। उनका यह भी कहना है कि शवों की स्थिति से लगता है कि दोनों को सोते समय गोली मारी गई।

घटना के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल गुरदासपुर भेजा गया है। पुलिस मृतकों के मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है ताकि घटना से जुड़े सुराग मिल सकें।

Punjab News; Also read- Health News: महाराष्ट्र में 580 मेनोपॉज क्लीनिक शुरू, महिलाओं को मुफ्त इलाज और काउंसलिंग की सुविधा

गुरदासपुर के DIG संदीप गोयल ने कहा कि मामले को बेहद गंभीरता से लिया गया है और हर एंगल से जांच की जा रही है। गैंगस्टर कनेक्शन, ड्रग्स तस्करी और संभावित आतंकी साजिश जैसे पहलुओं पर भी जांच जारी है। हाल ही में एक किलो हेरोइन की बरामदगी को भी जांच से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने ‘अल-बुराक ब्रिगेड तहरीक-ए-तालिबान’ द्वारा जिम्मेदारी लेने के दावे को फर्जी बताया।

घटनास्थल पर पहुंचे SSP आदित्य शर्मा और फॉरेंसिक टीम ने चौकी के कमरे का बारीकी से निरीक्षण किया। सामने आए CCTV फुटेज में नाका खाली दिख रहा है और कैमरा टूटा हुआ मिला, जिससे घटना और रहस्यमय हो गई है।

इस दोहरे मौत मामले ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। परिवारों ने साफ कहा है कि यह सीधी हत्या है और उन्हें इंसाफ चाहिए। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है और पूरे मामले की सच्चाई सामने लाने की कोशिश में जुटी है।

Show More

Related Articles

Back to top button