
Hathras Suicide News : हाथरस जिले में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक ही परिवार के पांच सदस्यों ने कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतकों में पति-पत्नी और उनके तीन मासूम बच्चे शामिल हैं। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
यह घटना थाना अमांपुर क्षेत्र के नगला भोजराज गांव की बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, गांव निवासी सत्यवीर सिंह बेल्डिंग की दुकान चलाते थे। परिवार में उनकी करीब 50 वर्षीय पत्नी रामश्री, 12 वर्षीय बेटी प्राची, 10 वर्षीय बेटी अमरवती और 10 वर्षीय बेटा ग्रीश रहते थे।
पड़ोसियों ने बताया कि पिछले तीन दिनों से घर का दरवाजा बंद था और सत्यवीर की दुकान भी नहीं खुली थी। शक होने पर आसपास के लोग घर के भीतर पहुंचे तो अंदर का दृश्य देख उनके होश उड़ गए। एक कमरे में सत्यवीर सिंह का शव फंदे से लटका मिला। उसी कमरे में उनकी पत्नी और तीनों बच्चों के शव भी फांसी के फंदे से झूलते मिले।
घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। पांच लोगों की एक साथ संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शवों को नीचे उतारकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।
प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। पुलिस पारिवारिक, आर्थिक और अन्य संभावित कारणों के एंगल से मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग इसे बेहद दुखद और अविश्वसनीय घटना बता रहे हैं। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच पूरी होने तक धैर्य बनाए रखने की अपील की है।



