
Pratapgarh News भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार ज्ञानप्रकाश शुक्ल को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तथा पत्रकार चंद्रशेखर तिवारी को प्रयागराज मंडल अध्यक्ष चुने जाने पर जिले में हर्ष का माहौल है।
महासंघ द्वारा घोषित नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में इस बार ज्ञानप्रकाश शुक्ल को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उल्लेखनीय है कि वे पहले से ही महासंघ के पत्रकार उत्पीड़न निवारण प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय प्रभारी के रूप में भी कार्यरत हैं। उनकी इस उपलब्धि को जिले के पत्रकारों के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है।
वहीं, महासंघ के निवर्तमान जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी को प्रोन्नत करते हुए प्रयागराज मंडल का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है, जिससे संगठन को मंडल स्तर पर और अधिक मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
सोमवार को जैसे ही ज्ञानप्रकाश शुक्ल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चुने जाने की सूचना मिली, वैसे ही स्थानीय पत्रकारों, प्रबुद्धजनों एवं महासंघ पदाधिकारियों ने खुशी व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी।
इस अवसर पर महासंघ की लालगंज तहसील इकाई के पदाधिकारियों ने चयन के लिए राष्ट्रीय संयोजक भगवान प्रसाद उपाध्याय, राष्ट्रीय अध्यक्ष मुनेश्वर मिश्र एवं राष्ट्रीय मुख्य महासचिव मथुरा प्रसाद धुरिया के प्रति आभार भी प्रकट किया।
रिपोर्ट: उमेश पाण्डेय, जिला संवाददाता – यूनाइटेड भारत



