
PM Modi gratitude: सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने सिक्किम के लोगों की ओर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की वर्चुअल उपस्थिति के लिए उनका हार्दिक आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का निरंतर समर्थन और आशीर्वाद सदैव उनके लिए शक्ति और प्रेरणा का स्रोत रहा है।
खराब मौसम के कारण प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का गुरुवार काे सिक्किम दौरा रद्द हो गया। प्रधानमंत्री बागडोगरा (पश्चिम बंगाल) से वर्चुअल माध्यम से राजधानी के पाल्जोर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए और सिक्किम की जनता को संबोधित किया।
मुख्यमंत्री तमांग ने सोशल मीडिया फेसबुक पर एक पोस्ट में कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की वर्चुअल उपस्थिति में आज राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर के साथ सिक्किम राज्य की स्थापना के 50वें गौरवशाली वर्ष का जश्न मनाने का सौभाग्य मिला। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत एक मजबूत, अधिक आत्मनिर्भर और विश्व स्तर पर सम्मानित राष्ट्र के रूप में उभरा है। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर के सफल क्रियान्वयन पर प्रधानमंत्री मोदी और देश की सशस्त्र सेनाओं को हार्दिक बधाई भी दी।
मुख्यमंत्री ने शांति, एकता और प्रगति के 50वें गौरवशाली वर्ष का जश्न मनाते हुए विकसित भारत 2047 के विजन और स्वर्णिम, समृद्ध और सक्षम सिक्किम के निर्माण की प्रतिबद्धता दोहराई है। उन्होंने बताया कि इस महत्वपूर्ण अवसर पर सिक्किम की विशिष्ट ऐतिहासिक, संवैधानिक और सांस्कृतिक पहचान को प्रतिबिंबित करने वाली बहुप्रतीक्षित आकांक्षाओं और विकास प्रस्तावों को भी प्रस्तुत किया गया है। उन्होंने प्रधानमंत्री के गतिशील नेतृत्व में इन प्रस्तावों पर अनुकूल विचार किये जाने की आशा व्यक्त की।
PM Modi gratitude: ALSO READ- Varanasi News: ईवीएम वेयरहाउस की सुरक्षा पर विशेष जोर, सीसीटीवी से 24×7 निगरानी के निर्देश- जिलाधिकारी
मुख्यमंत्री ने हर चुनौती में केन्द्र सरकार के निरन्तर सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया तथा समावेशी विकास एवं राष्ट्रीय विकास की साझा यात्रा में सकारात्मक परिणाम की आशा भी व्यक्त की। उन्होंने इस ऐतिहासिक और भव्य समारोह की शानदार सफलता सुनिश्चित करने वाले सभी लोगों के प्रति अपनी गहरी कृतज्ञता व्यक्त की है।