योगी सरकार का बड़ा फैसला : अब यूपी के सभी विद्यालयों में अनिवार्य होगा वंदे मातरम का गायन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घोषणा की कि उत्तर प्रदेश के सभी शैक्षणिक संस्थानों में अब ‘वंदे मातरम’ का गायन अनिवार्य होगा। उन्होंने कहा कि यह कदम राष्ट्रभक्ति और मातृभूमि के प्रति सम्मान की भावना को सशक्त करेगा।

Lucknow.  उत्तर प्रदेश के सभी शैक्षणिक संस्थानों में अब प्रतिदिन ‘वंदे मातरम’ गाना अनिवार्य होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह निर्णय विद्यार्थियों और नागरिकों में भारत माता और मातृभूमि के प्रति श्रद्धा और गौरव की भावना को जागृत करेगा।

यह घोषणा ऐसे समय में की गई है जब राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम को लेकर देश में नई बहस छिड़ी हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में कहा था कि 1937 में कांग्रेस ने वंदे मातरम के कुछ महत्वपूर्ण छंदों को हटा दिया था, जिससे विभाजन के बीज बोए गए।

गोरखपुर में आयोजित एकता यात्रा कार्यक्रम को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वंदे मातरम के विरोध का कोई औचित्य नहीं है। यह गीत भारत माता के प्रति सम्मान और एकता का प्रतीक है। जो लोग इसका विरोध करते हैं, वे राष्ट्र की एकता के खिलाफ हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ लोगों के लिए आज भी देश की एकता और अखंडता से बढ़कर उनका मजहब और व्यक्तिगत निष्ठा हो जाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि वंदे मातरम के खिलाफ विषवमन करना भारत की संस्कृति और राष्ट्रभावना का अपमान है।

योगी ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा

योगी ने अपने भाषण में कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 1896 से 1922 तक कांग्रेस के हर अधिवेशन में वंदे मातरम गाया जाता था, लेकिन 1923 में जब मोहम्मद अली जौहर कांग्रेस के अध्यक्ष बने, तो उन्होंने इस गीत के गायन से इनकार कर दिया। योगी ने कहा कि अगर कांग्रेस ने उस समय राष्ट्रीय एकता का सम्मान करते हुए इस विरोध का प्रतिकार किया होता, तो भारत का विभाजन नहीं होता।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि 1937 में कांग्रेस ने वंदे मातरम के कुछ अंशों को धार्मिक बताकर संशोधित किया, जबकि यह गीत मातृभूमि की आराधना का प्रतीक है। उधर, कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। पार्टी ने कहा कि मोदी ने 1937 की कांग्रेस कार्यसमिति और रवींद्रनाथ टैगोर दोनों का अपमान किया है।

यह भी पढ़ें – Delhi Blast : लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास कार विस्फोट, आठ की मौत; दिल्ली हाई अलर्ट पर

कांग्रेस प्रवक्ता जयराम रमेश ने एक्स पर कहा कि कांग्रेस कार्यसमिति की 1937 की बैठक में महात्मा गांधी, नेहरू, सरदार पटेल, नेताजी सुभाषचंद्र बोस और टैगोर जैसे नेता मौजूद थे। उस समय जो बयान जारी किया गया, वह टैगोर की सलाह से तैयार हुआ था।

सभी स्कूलों में वंदे मातरम् अनिवार्य

योगी सरकार के निर्णय से अब सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों में हर सुबह वंदे मातरम का सामूहिक गायन अनिवार्य होगा। शिक्षा विभाग इस आदेश को जल्द ही लागू करने के लिए दिशा-निर्देश जारी करेगा।

Show More

Related Articles

Back to top button