Pratapgarh: “योगी जब-जब डरता है, पुलिस को आगे करता है”- कांग्रेस नेता

Pratapgarh: प्रतापगढ़ जिले की कुंडा विधानसभा में सोमवार को भाजपा सरकार की नीतियों को देश-विरोधी बताते हुए कांग्रेस नेता करुण पाण्डेय “बिन्नू भइया” ने तीखा हमला बोला। कुंडा कोतवाली में बैठाए जाने के दौरान पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियां देश और जनता के हित में नहीं हैं। उनका आरोप था कि सरकार गलत नीतियों के माध्यम से जनता को गुमराह कर रही है। उन्होंने कहा, “योगी जब-जब डरता है, पुलिस को आगे करता है।”

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय के आह्वान पर ‘मनरेगा बचाओ अभियान’ के 45वें दिन, 17 फरवरी को लखनऊ पहुंचकर विधानसभा घेराव का कार्यक्रम तय किया गया है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को प्रदेश के विभिन्न जिलों से लखनऊ पहुंचने का निर्देश दिया गया है।

Also Read: सिंगरौली। लाभकारी खेती की ओर कदम, हिंडालको इंडस्ट्रीज़ लिमिटेड की महान एल्युमिनियम इकाई का कृषि प्रशिक्षण अभियान

कांग्रेस के तेवरों को भांपते हुए, आरोप है कि योगी सरकार ने एक दिन पहले ही विभिन्न पदाधिकारियों को उनके घरों से उठाना शुरू कर दिया। इसी क्रम में प्रतापगढ़ जिला उपाध्यक्ष एवं किसान कांग्रेस उत्तर प्रदेश के महासचिव करुण पाण्डेय “बिन्नू भइया” को महेशगंज थाना क्षेत्र के राजापुर बिंधन से पुलिस द्वारा लाकर कुंडा कोतवाली में बैठा लिया गया।

बिन्नू भइया ने कहा कि वे निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार लखनऊ के लिए रवाना होंगे और विधानसभा का घेराव करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार मजदूरों का हक मारकर उद्योगपतियों को लाभ पहुंचा रही है, जिसे कांग्रेस बर्दाश्त नहीं करेगी।

रिपोर्ट: उमेश पाण्डेय, जिला संवाददाता, यूनाइटेड भारत।

Show More

Related Articles

Back to top button