
BJP Foundation Day : योगी आदित्यनाथ ने भाजपा के स्थापना दिवस समारोह में कहा कि पार्टी कार्यकर्ता “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ देश और समाज के लिए समर्पित होकर कार्य करते हैं। मानसरोवर रामलीला मैदान में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि संस्थापकों के आदर्शों और कार्यकर्ताओं के समर्पण ने भारतीय जनता पार्टी को दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनाया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 1951 में श्यामा प्रसाद मुखर्जी द्वारा जनसंघ की स्थापना से शुरू हुई विचारधारा आज भी राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए मार्गदर्शक है। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के ‘अंत्योदय’ सिद्धांत और अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व को याद करते हुए कहा कि भाजपा ने हमेशा विकास और स्थिरता को प्राथमिकता दी।
सीएम योगी ने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि 2014 के बाद देश ने विकास की नई दिशा पकड़ी। उन्होंने धारा 370 हटाने, राम मंदिर निर्माण और गरीब कल्याण योजनाओं को ऐतिहासिक उपलब्धियां बताया।
कार्यक्रम में सांसद रवि किशन सहित कई नेताओं ने भाग लिया। इस दौरान जनसंघ काल के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को सम्मानित भी किया गया।



