
Lucknow News: समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर महिला सुरक्षा और अधिकारों को लेकर जोरदार हमला बोला। रविवार को पार्टी मुख्यालय में महिला सभा की अहम बैठक के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में महिलाएं खुद को सबसे ज्यादा असुरक्षित महसूस कर रही हैं और इसी कारण महिलाएं भाजपा से दूरी बना रही हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार के अपने आंकड़े इस बात का प्रमाण हैं कि इस शासनकाल में महिलाओं के खिलाफ उत्पीड़न और अन्याय सबसे अधिक हुआ है। उन्होंने दावा किया कि झूठे वादों और असफल नीतियों के कारण अब महिलाएं भाजपा से नाखुश हैं और उनका झुकाव समाजवादी पार्टी की ओर बढ़ रहा है।
समाजवादी योजनाओं को बताया बेहतर
अखिलेश ने कहा कि समाजवादी सरकार के समय शुरू की गई पेंशन योजना को भाजपा ने बंद कर दिया, लेकिन अब सपा की सरकार बनने पर गरीब महिलाओं को 3000 रुपये प्रतिमाह की पेंशन दी जाएगी। साथ ही उन्होंने भाजपा पर ‘विद्या धन’ योजना बंद करने और बेटियों को खराब गुणवत्ता वाले टैबलेट देने का आरोप लगाया।
महिला सुरक्षा को लेकर बड़े वादे
उन्होंने ऐलान किया कि सपा की सरकार बनने पर महिला सुरक्षा के लिए 1090 महिला हेल्पलाइन को और सशक्त किया जाएगा। साथ ही, पुलिस विभाग में महिलाओं की भर्ती के लिए ढांचागत बदलाव किए जाएंगे, जिससे उन्हें ज्यादा अवसर मिल सकें। पंचायती राज में महिला आरक्षण को फिर से प्रभावी बनाने की बात करते हुए उन्होंने कहा कि 2027 में सपा सरकार आने पर संगठन की महिलाओं को बड़े पैमाने पर चुनाव लड़ने का मौका मिलेगा।
ईवीएम पर फिर उठाया सवाल
अखिलेश यादव ने एक बार फिर ईवीएम से चुनाव कराने को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि बैलेट पेपर से मतदान ही पारदर्शी प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि मशीन का बटन दबाने से गुस्सा नहीं निकलता, और मतदाता को पता होना चाहिए कि उसका वोट कहां जा रहा है।
जेपीएनआईसी पर भी जताई इच्छा
जेपीएनआईसी को लेकर भी उन्होंने बयान दिया कि यदि सरकार इसे बेचना चाहती है तो समाजवादी पार्टी इसे खरीदने के लिए तैयार है। उन्होंने एलडीए वीसी को पत्र भेजने के लिए पार्टी पदाधिकारियों को निर्देश भी दिए।
Lucknow News: also read- Prayagraj (Handia): हंडिया-कोखराज टोल पर कर्मचारियों का शोषण, विदेशी कंपनी पर लगे गंभीर आरोप
इस बैठक में सपा सांसद डिंपल यादव, जूही सिंह और महिला सभा की अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ताएं उपस्थित रहीं। बैठक में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों, महिला वोटरों को जोड़ने की रणनीति और संगठन को मजबूत बनाने पर विस्तृत चर्चा हुई।