
UP Weather Alert: भारतीय मौसम विभाग ने देश के कई हिस्सों के लिए मौसम को लेकर नया अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, 15 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिसका असर अलग-अलग राज्यों में देखने को मिल सकता है। इस सिस्टम के प्रभाव से कुछ इलाकों में बारिश और आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है, वहीं कई राज्यों में तापमान बढ़ने के संकेत भी मिले हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वोत्तर भारत के कुछ राज्यों में अगले कुछ दिनों तक मौसम बदला हुआ रह सकता है। सिक्किम में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ तेज बारिश और बिजली गिरने की आशंका है। वहीं अरुणाचल प्रदेश में 14, 15 और 18 अप्रैल को भारी वर्षा हो सकती है। इसके अलावा 17 और 18 अप्रैल को असम और मेघालय में भी गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।
दूसरी ओर, उत्तर प्रदेश में तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि राज्य में फिलहाल कोई बड़ी मौसम प्रणाली सक्रिय नहीं है, इसलिए अगले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। मौसम शुष्क रहने के कारण तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में अगले 4 से 5 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 3 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है। दिल्ली में भी गर्मी तेज होने के संकेत हैं, जहां आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को बदलते मौसम के बीच सतर्क रहने और तेज हवाओं व आंधी के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।
Written By: Kalpana Pandey



