
Lucknow News. उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में वीरांगना ऊदा देवी पासी के बलिदान दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि समाज के भूले-बिसरे नायकों को सम्मान दिलाने में योगी सरकार ने जो कार्य किया है, वह ऐतिहासिक है।
राजनाथ सिंह ने रविवार को वृंदावन कॉलोनी स्थित पासी चौराहे पर ऊदा देवी की 12 फीट ऊंची और 6 टन वजनी बंदूक लिए प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने कहा कि ऊदा देवी की वीरता अद्वितीय थी। जब वे ब्रिटिश सैनिकों से लड़ते हुए शहीद हुईं, तब अंग्रेज अफसरों ने अपनी टोपी उतारकर उन्हें सलामी दी थी, जो उनकी बहादुरी का सबसे बड़ा प्रमाण है।
रक्षा मंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन में पासी समुदाय का योगदान बेहद महत्वपूर्ण रहा है। ऊदा देवी की कहानी यह दर्शाती है कि देश की बेटियां किसी भी मोर्चे पर पुरुषों से पीछे नहीं हैं। उन्होंने कहा कि यदि महिलाएं बंदूक उठा सकती हैं, युद्ध लड़ सकती हैं और दुश्मनों का सामना कर सकती हैं, तो वे किसी भी क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा सकती हैं।
राजनाथ ने बताया कि आज भारतीय नारी शक्ति सेना, नौसेना और वायुसेना में अहम जिम्मेदारियां निभा रही है। सियाचिन से समंदर की गहराइयों तक महिलाएं देश की सुरक्षा को मजबूत कर रही हैं। हाल ही में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में भी महिला सैनिकों और पायलटों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रही।
अन्याय बड़ा हो तो प्रतिरोध उससे भी बड़ा होना चाहिए : योगी
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वीरांगना ऊदा देवी का बलिदान हर भारतीय को प्रेरणा देता है। उन्होंने अन्याय और अत्याचार के विरुद्ध जिस साहस से लड़ाई लड़ी, वह इतिहास में अमिट है।

सीएम योगी ने बताया कि उनकी सरकार ने पासी समुदाय और दलित समाज के गौरवशाली इतिहास को संरक्षित करने के लिए कई कदम उठाए हैं। उन्होंने घोषणा की कि महाराजा बिजली पासी किले में लाइट एंड साउंड शो की स्वीकृति दे दी गई है, ताकि लोग उस इतिहास से परिचित हो सकें।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि राज्य सरकार ने तीन नई पीएसी महिला बटालियन का गठन किया है। उन्होंने कहा कि लखनऊ में बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के स्मारक और सांस्कृतिक केंद्र का निर्माण तेजी से जारी है। अनुसूचित जाति और जनजाति के सम्मान व सुरक्षा के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में दोनों डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक व केशव प्रसाद मौर्य, केंद्रीय मंत्री कमलेश पासवान और कई इतिहासकार मौजूद रहे।



