America: अमेरिका में फ्लाइट के दौरान महिला से यौन उत्पीड़न के मामले में भारतीय मूल के 38 वर्षीय वरुण अरोड़ा को फेडरल कोर्ट ने दोषी ठहराया है। वर्जीनिया की अदालत में चले ट्रायल के बाद जूरी ने उसे अपराधी माना है। इस मामले में उसे अधिकतम दो साल तक की जेल हो सकती है। सजा का अंतिम फैसला 7 मई 2026 को सुनाया जाएगा।
अमेरिकी अटॉर्नी ऑफिस के अनुसार, यह घटना 29 अगस्त 2024 की है। वरुण अरोड़ा रोड आइलैंड के टी.एफ. ग्रीन इंटरनेशनल एयरपोर्ट से रोनाल्ड रीगन वॉशिंगटन नेशनल एयरपोर्ट जा रही फ्लाइट में सफर कर रहा था। आरोप है कि उसने अपने बगल में बैठी एक महिला सहयात्री के साथ उस समय छेड़छाड़ की, जब वह सो रही थी। महिला ने जागने पर उसका विरोध किया, कई बार आरोपी का हाथ हटाया, लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया और स्लीप मास्क पहनकर सोने का नाटक करता रहा।
Also Read: T20 से पहले टीम इंडिया का बड़ा इम्तिहान, साउथ अफ्रीका से वॉर्म-अप मैच आज,जानिए कब-कहां देखें LIVE
कोर्ट में पेश साक्ष्यों और रिकॉर्डिंग के आधार पर जूरी ने माना कि आरोपी ने जानबूझकर यह कृत्य किया। अभियोजन पक्ष ने बताया कि अरोड़ा ने स्लीप मास्क पहनकर खुद को सोता हुआ दिखाने की कोशिश की थी। मामले की जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी अमेरिका में बिना वैध कानूनी दर्जे के रह रहा था।
अदालत ने इसे गंभीर अपराध मानते हुए कहा कि फ्लाइट जैसे सार्वजनिक और सुरक्षित माने जाने वाले स्थानों पर इस तरह की घटनाएं चिंताजनक हैं। अब फेडरल जज यूएस सेंटेंसिंग गाइडलाइंस और अन्य कानूनी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए सजा तय करेंगे। फिलहाल इस फैसले ने विमान यात्राओं में सुरक्षा और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर बहस छेड़ दी है।
Written By: Kalpana Pandey