
UP Weather Update : लखनऊ समेत पूरे उत्तर प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट लेकर हालात बदल दिए हैं। शनिवार शाम आई तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश से तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 9 अप्रैल तक प्रदेश में खराब मौसम बना रहने की संभावना है।
तेज हवाओं और ओलावृष्टि ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। आगरा, मथुरा, कानपुर, बुंदेलखंड और प्रयागराज सहित कई जिलों में गेहूं और सरसों की फसलों को भारी नुकसान हुआ है। मथुरा में कुछ क्षेत्रों में 50% तक फसल खराब होने की आशंका है, जबकि अन्य जिलों में 20-30% तक नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। लखनऊ में आम की फसल को भी करीब 15% क्षति पहुंची है।
आंधी के कारण पेड़ उखड़ गये
आंधी के कारण कई जिलों में पेड़ उखड़ गए और बिजली आपूर्ति बाधित हुई। ओलावृष्टि से खेतों में खड़ी फसल बर्बाद हो गई। मथुरा में सैकड़ों बिजली के खंभे गिरने से कई गांवों में बिजली ठप हो गई।
वहीं, आकाशीय बिजली और हादसों के चलते जान-माल का नुकसान भी हुआ है। कोसीकलां की अनाज मंडी में हजारों बोरी गेहूं बारिश में भीग गया। मौसम विभाग ने कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी कर अगले कुछ दिनों तक तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी दी है।



