
UP Weather Update: उत्तर भारत के कई हिस्सों समेत उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में रविवार को मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। दिन में तेज धूप के बाद शाम को धूलभरी आंधी चली और कई स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी भी दर्ज की गई। इससे तापमान में गिरावट महसूस की गई और लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली।
India Meteorological Department के अनुसार प्रदेश के कई जिलों में खराब मौसम को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले 48 घंटों के दौरान उत्तर प्रदेश के उत्तरी और मध्य जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
तापमान में गिरावट की संभावना
इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, बारिश और तेज हवाओं के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 16 मार्च को भी प्रदेश के कई जिलों में बादल गरजने, बिजली गिरने और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है। खासतौर पर तराई और पूर्वांचल के कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है।
सावधानी बरतने की अपील
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है। साथ ही गरज-चमक और तेज हवाओं के समय खुले स्थानों या पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।



