
UP Police SI Exam: उत्तर प्रदेश पुलिस में सब-इंस्पेक्टर भर्ती की लिखित परीक्षा 14 और 15 मार्च को आयोजित होने जा रही है। राज्य के सभी 75 जिलों में बनाए गए परीक्षा केंद्रों पर लाखों अभ्यर्थी इसमें शामिल होंगे। परीक्षा को निष्पक्ष और सुव्यवस्थित तरीके से कराने के लिए भर्ती बोर्ड ने उम्मीदवारों के लिए कुछ अहम निर्देश जारी किए हैं, जिनका पालन करना जरूरी होगा।
ड्रेस को लेकर खास सलाह
भर्ती बोर्ड की ओर से सख्त ड्रेस कोड तो तय नहीं किया गया है, लेकिन अभ्यर्थियों को जूते पहनकर परीक्षा केंद्र पर आने से बचने की सलाह दी गई है। सुरक्षा जांच को आसान बनाने के लिए उम्मीदवार चप्पल या सैंडल पहनकर पहुंच सकते हैं। इसके अलावा हाथ में घड़ी, काला चश्मा या टोपी पहनने की अनुमति नहीं होगी।
दो शिफ्टों में आयोजित होगी परीक्षा
परीक्षा दोनों दिन दो चरणों में कराई जाएगी। पहली शिफ्ट सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित है। उम्मीदवारों को समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है, क्योंकि एग्जाम शुरू होने से करीब 30 मिनट पहले ही प्रवेश द्वार बंद कर दिए जाएंगे। देर से आने वालों को केंद्र में एंट्री नहीं दी जाएगी।
ये जरूरी दस्तावेज साथ रखें
परीक्षा में शामिल होने के लिए उम्मीदवारों को एडमिट कार्ड के साथ किसी वैध फोटो पहचान पत्र जैसे आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस या पासपोर्ट लाना अनिवार्य होगा। साथ ही उत्तर पुस्तिका भरने के लिए नीले या काले रंग का बॉल पेन भी अपने साथ रखना होगा।
कई चीजों पर पूरी तरह रोक
परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर, कैमरा, पेन ड्राइव, पर्स, बैग और खाने-पीने की वस्तुएं परीक्षा केंद्र में ले जाने की अनुमति नहीं होगी। यदि किसी अभ्यर्थी के पास ये सामान पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सकती है।
परीक्षा सामग्री साझा करना दंडनीय
भर्ती बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि प्रश्नपत्र या परीक्षा से जुड़ी जानकारी को सोशल मीडिया या किसी अन्य माध्यम से साझा करना कानूनन अपराध माना जाएगा। ऐसा करने वालों पर उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम-2024 के तहत कार्रवाई हो सकती है। इस भर्ती अभियान के जरिए राज्य में 4543 सब-इंस्पेक्टर पदों को भरा जाना है, जिसके लिए करीब 15.7 लाख उम्मीदवारों ने आवेदन किया है।
Written By: Kalpana Pandey



