UP News : कालाबाजारी पर सख्त एक्शन – 5,813 छापे, 86 एफआईआर दर्ज, 11 गिरफ्तार

UP News : उत्तर प्रदेश में कालाबाजारी के खिलाफ बड़ा अभियान, 5813 छापे, 86 एफआईआर और 11 गिरफ्तार। सीएम योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर एलपीजी और ईंधन आपूर्ति की सख्त निगरानी।

UP News : उत्तर प्रदेश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने के लिए राज्य सरकार ने कालाबाजारी के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर 12 से 17 मार्च के बीच प्रदेशभर में 5,813 स्थानों पर निरीक्षण और छापेमारी की गई।

इस दौरान कालाबाजारी में संलिप्त 12 एलपीजी वितरकों और 74 अन्य व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। अभियान के तहत 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 85 लोगों के खिलाफ अभियोजन की कार्रवाई भी की गई है। प्रशासन ने साफ किया है कि यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

सरकार की सख्ती का असर आपूर्ति व्यवस्था पर भी दिख रहा है। प्रदेश के 4,108 एलपीजी वितरकों के माध्यम से उपभोक्ताओं को समय पर गैस रिफिल उपलब्ध कराया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और मांग के अनुसार आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।

वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडरों के लिए केंद्र सरकार द्वारा कुल खपत का 20 प्रतिशत आवंटन दिए जाने से बाजार में संतुलन बनाए रखने में मदद मिल रही है।

पूरे सिस्टम की निगरानी के लिए खाद्यायुक्त कार्यालय में 24 घंटे कंट्रोल रूम संचालित किया जा रहा है। यहां से पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति पर नजर रखी जा रही है और शिकायतों का तुरंत समाधान किया जा रहा है। इसके साथ ही जनपद स्तर पर भी कंट्रोल रूम सक्रिय हैं।

जिला पूर्ति अधिकारी और प्रशासनिक टीमें लगातार फील्ड में रहकर स्थिति की निगरानी कर रही हैं, ताकि कहीं भी कृत्रिम कमी न हो और आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Show More

Related Articles

Back to top button