
UP Police Transfer : उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में सोमवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया। शासन ने 27 आईपीएस अधिकारियों के तबादले करते हुए 13 जिलों के पुलिस अधीक्षकों (एसपी) को बदल दिया। इस बदलाव को कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
लखनऊ कमिश्नरेट में तैनात डीसीपी शशांक सिंह को महोबा का एसपी बनाया गया है, जबकि विश्वजीत श्रीवास्तव को बहराइच और निपुण अग्रवाल को मुरादाबाद की नौवीं वाहिनी पीएसी का सेनानायक नियुक्त किया गया है। वहीं, बहराइच के एसपी रामनयन सिंह को नोएडा स्थित 49वीं वाहिनी पीएसी भेजा गया है।
शाहजहांपुर के एसपी राजेश द्विवेदी को 38वीं वाहिनी पीएसी अलीगढ़, एटा के एसपी श्याम नारायण सिंह को एसडीआरएफ और महोबा के एसपी प्रबल प्रताप सिंह को पुलिस मुख्यालय में एसपी अपराध बनाया गया है। रामपुर के एसपी विद्यासागर मिश्रा को 11वीं वाहिनी पीएसी सीतापुर भेजा गया है।
इसके अलावा चंदौली के एसपी आदित्य लांग्हे को फिरोजाबाद, जबकि सौरभ दीक्षित को शाहजहांपुर का नया एसपी बनाया गया है। मऊ के एसपी इलामारन जी. को एटा, सोमेंद्र मीना को रामपुर और शक्ति मोहन अवस्थी को महाराजगंज का एसपी नियुक्त किया गया है।
इस फेरबदल में खास बात यह रही कि लखनऊ और गौतमबुद्धनगर जैसे बड़े कमिश्नरेट में तैनात कई अधिकारियों को जिलों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, पीएसी और एसएसएफ की विभिन्न वाहिनियों में भी नए सेनानायकों की नियुक्ति की गई है।
सरकार का मानना है कि इस व्यापक तबादला प्रक्रिया से प्रदेश में कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जा सकेगा।



