
Budget 2026 : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आम बजट 2026-27 को उत्तर प्रदेश के लिए ऐतिहासिक और दूरदर्शी बताते हुए कहा कि यह बजट प्रदेश को निवेश, रोजगार और औद्योगिक विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 11 वर्षों में देश ने जो विकास की मजबूत नींव रखी है, उसी का परिणाम यह बजट है, जो रिफॉर्म, ग्रोथ और फिस्कल डिसिप्लिन का संतुलित दस्तावेज है।
सीएम योगी ने कहा कि आम बजट 2026-27 उत्तर प्रदेश को ‘विकसित भारत-2047’ के लक्ष्य में अग्रणी भूमिका निभाने के लिए पूरी तरह सक्षम बनाएगा। बजट में युवाओं, किसानों, महिलाओं और गरीबों पर विशेष फोकस है, जिससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था को सीधा लाभ मिलेगा।
एमएसएमई और ओडीओपी को मिलेगा सबसे बड़ा लाभ
मुख्यमंत्री ने बताया कि एमएसएमई सेक्टर के लिए 10,000 करोड़ रुपये के प्रावधान से उत्तर प्रदेश को सर्वाधिक फायदा होगा। प्रदेश में करीब 96 लाख एमएसएमई इकाइयां कार्यरत हैं, जो लगभग 3 करोड़ लोगों को रोजगार दे रही हैं। यह बजट ओडीओपी उत्पादों को नई तकनीक, बेहतर पैकेजिंग और वैश्विक बाजार से जोड़ने में मददगार साबित होगा।
यूपी बनेगा राष्ट्रीय लॉजिस्टिक्स हब
बजट में 12.20 लाख करोड़ रुपये के इन्फ्रास्ट्रक्चर फंड से उत्तर प्रदेश में कनेक्टिविटी और लॉजिस्टिक्स को नई गति मिलेगी। ईस्टर्न और वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर, हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर और इनलैंड वाटरवे के माध्यम से यूपी देश का सबसे बड़ा लॉजिस्टिक्स हब बनने की ओर अग्रसर है।
हाई-स्पीड रेल और जलमार्ग से विकास को रफ्तार
सीएम योगी ने बताया कि घोषित 7 हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर में से 2 उत्तर प्रदेश से गुजरेंगे, जहां ट्रेनों की गति 300 से 500 किमी प्रति घंटा तक होगी। वहीं वाराणसी-हल्दिया इनलैंड वाटरवे और इसके विस्तार से माल ढुलाई सस्ती और सुगम होगी।
सेमीकंडक्टर, डिफेंस और इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग में मजबूती
मुख्यमंत्री ने कहा कि सेमीकंडक्टर पार्क की घोषणा से यूपी निवेशकों की पहली पसंद बन रहा है। डिफेंस कॉरिडोर के तहत अब तक 12-13 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं और करीब 40 हजार युवाओं को रोजगार मिला है। इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग में देश का 55% मोबाइल उत्पादन उत्तर प्रदेश में हो रहा है।
पर्यटन, मेडिकल टूरिज्म और आयुर्वेद से रोजगार के नए अवसर
बजट में सारनाथ और हस्तिनापुर सहित 15 आर्कियोलॉजिकल साइट्स के विकास की घोषणा से पर्यटन को नई दिशा मिलेगी। वाराणसी को आयुर्वेद और मेडिकल टूरिज्म का राष्ट्रीय केंद्र बनाने की दिशा में भी ठोस पहल की गई है।
स्वास्थ्य, खेल और शहरी विकास पर बड़ा फोकस
हर जिले में इमरजेंसी-ट्रॉमा सेंटर, जिला अस्पतालों की क्षमता वृद्धि और ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन मेडिकल कॉलेज’ से स्वास्थ्य सेवाएं सुदृढ़ होंगी। खेल उद्योग के लिए ‘समर्थ’ योजना और मेरठ में मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी से खेल आधारित उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा।
विपक्ष पर सीएम योगी का तीखा हमला
पीडीए को लेकर हो रहे राजनीतिक हमलों पर सीएम योगी ने कहा कि यह केवल बहाना है, असली लक्ष्य परिवारवाद है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी पूरे देश को परिवार मानकर काम कर रहे हैं और यही बजट नए भारत और नए उत्तर प्रदेश की तस्वीर पेश करता है।



