UP News. आगरा–लखनऊ एक्सप्रेसवे के पास बनेगा 250 बेड का लेवल-1 ट्रॉमा सेंटर, सीएम योगी का बड़ा फैसला

UP News. आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के पास यूपी आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई में बनेगा 250 बेड का लेवल-1 ट्रॉमा सेंटर, सीएम योगी का बड़ा फैसला।

UP News. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सड़क दुर्घटनाओं और आपात चिकित्सा सेवाओं को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से बड़ा निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय, सैफई (इटावा) के अंतर्गत 250 शैय्या वाले लेवल-1 ट्रॉमा सेंटर की स्थापना पर जोर दिया है। यह ट्रॉमा सेंटर आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे के समीप बनाया जाएगा, जिससे दुर्घटना पीड़ितों को त्वरित और उच्चस्तरीय इलाज उपलब्ध कराया जा सकेगा।

मुख्यमंत्री बतौर कुलाधिपति मंगलवार को विश्वविद्यालय के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स की दूसरी बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वर्तमान में एक्सप्रेस-वे विश्वविद्यालय परिसर से लगभग 10 किलोमीटर दूर है, जिससे दुर्घटनाग्रस्त मरीजों को समय पर इलाज मिलने में देरी होती है। प्रस्तावित ट्रॉमा सेंटर के निर्माण से यह समस्या दूर होगी और आपात सेवाएं और अधिक प्रभावी बनेंगी।

ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी मजबूती

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बैठक में ‘सेंटर फॉर रूरल हेल्थ’ के गठन के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की स्वास्थ्य आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए टेली-ओपीडी, वर्चुअल ओपीडी, डिजिटल डेटा इंटीग्रेशन और मोबाइल आउटरीच जैसी सुविधाओं की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाए।

इंटीग्रेटिव मेडिसिन यूनिट की स्थापना

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि विश्वविद्यालय में इंटीग्रेटिव मेडिसिन यूनिट स्थापित की जाएगी, जहां एलोपैथी और आयुष पद्धतियों के समन्वय से रोगी-केन्द्रित उपचार उपलब्ध होगा। इसके अंतर्गत इंटीग्रेटिव ओपीडी, विशेष क्लीनिक, योग एवं वेलनेस यूनिट की स्थापना की जाएगी।

स्वास्थ्य जागरूकता के लिए कम्युनिटी ब्रॉडकास्ट सर्विस

मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ाने के लिए विश्वविद्यालय में कम्युनिटी ब्रॉडकास्ट सर्विस शुरू करने के निर्देश दिए। इसके माध्यम से स्वास्थ्य शिक्षा, रोग-निवारण, सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं और चिकित्सा से जुड़ी प्रमाणिक जानकारी आम जनता तक पहुंचाई जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय, सैफई को पश्चिमी और मध्य उत्तर प्रदेश के लिए चिकित्सा, शिक्षा और शोध का उत्कृष्ट केंद्र बनाया जाए। इसके लिए हब-एंड-स्पोक मॉडल को प्रभावी ढंग से लागू करने पर विशेष जोर दिया गया।

Show More

Related Articles

Back to top button