UP ATS : BDS छात्र चला रहा था ISIS का ऑनलाइन प्रोपेगेंडा, यूपी ATS ने मुरादाबाद से किया गिरफ्तार

UP ATS : मुरादाबाद से बीडीएस छात्र हारिस अली को यूपी ATS ने गिरफ्तार किया। आरोपी सोशल मीडिया पर ISIS का प्रोपेगेंडा चलाकर युवकों को जिहाद और फिदायीन हमलों के लिए उकसा रहा था।

UP ATS : उत्तर प्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (Uttar Pradesh Anti-Terrorist Squad) ने आईएसआईएस से जुड़े एक संदिग्ध मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए सहारनपुर निवासी एक छात्र को मुरादाबाद से गिरफ्तार किया है। आरोपी हारिस अली मुरादाबाद के एक निजी मेडिकल कॉलेज में बीडीएस की पढ़ाई कर रहा था और सोशल मीडिया के जरिए आतंकी संगठन Islamic State of Iraq and Syria (ISIS) का प्रचार-प्रसार कर रहा था।

एटीएस के अनुसार आरोपी इंस्टाग्राम, इनक्रिप्टेड एप सेशन और डिस्कॉर्ड जैसे प्लेटफॉर्म पर छद्म नामों से ग्रुप बनाकर युवकों को कट्टरपंथी विचारधारा की ओर आकर्षित कर रहा था। इन ग्रुपों के माध्यम से युवाओं को जिहाद के लिए प्रेरित किया जाता था और फिदायीन हमलों के लिए उकसाया जा रहा था।

जांच एजेंसियों को जानकारी मिली थी कि आरोपी आतंकी मॉड्यूल के विदेशी हैंडलरों के संपर्क में है। इसके बाद एटीएस ने गोपनीय जांच शुरू की और पर्याप्त सबूत मिलने पर लखनऊ स्थित एटीएस थाने में गैरकानूनी गतिविधि (निवारण) अधिनियम यानी Unlawful Activities (Prevention) Act (UAPA) समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद एटीएस टीम ने मुरादाबाद में छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

जांच में यह भी सामने आया कि हारिस ने “अल इत्तिहाद मीडिया फाउंडेशन” नाम से एक ऑनलाइन ग्रुप बनाया था, जहां आईएसआईएस की प्रचार सामग्री, पत्रिकाएं, वीडियो और मारे गए आतंकियों के भाषण साझा किए जाते थे। वह आतंकी संगठन की प्रोपेगेंडा पत्रिकाओं और मीडिया चैनलों से भी प्रभावित था।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह लोकतांत्रिक व्यवस्था को नहीं मानता और शरिया कानून पर आधारित खिलाफत व्यवस्था स्थापित करने की विचारधारा से प्रभावित है। एटीएस के अनुसार उसका संपर्क भारत के अलावा पाकिस्तान और अन्य देशों में सक्रिय आईएसआईएस हैंडलरों से भी जुड़ा हुआ था।

फिलहाल जांच एजेंसियां इस मामले में जुड़े अन्य संदिग्ध युवकों और संभावित नेटवर्क की भी तलाश कर रही हैं।

Show More

Related Articles

Back to top button