Unnao District Jail : डीजी कारागार का उन्नाव जेल का निरीक्षण, महिला बंदियों के बच्चों को मिले फल और वस्त्र

Unnao District Jail : कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं, उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजी) ने जिला कारागार, उन्नाव का प्रातःकालीन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान महिला बैरक, पाकशाला, अस्पताल वार्ड, उच्च सुरक्षा बैरक, पुस्तकालय एवं अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों का गहन निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान महिला बंदियों के साथ रह रहे बच्चों की स्थिति के बारे में जानकारी ली गई। बताया गया कि रेखा बनाम उत्तर प्रदेश राज्य मामले में इलाहाबाद उच्च न्यायालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप चार वर्ष से अधिक आयु के दो बच्चों का स्थानीय विद्यालय में दाखिला कराया गया है।

महानिदेशक द्वारा महिला बंदियों के बच्चों को फल एवं वस्त्र वितरित किए गए। पाकशाला में बन रहे भोजन की गुणवत्ता की जांच के लिए उन्होंने स्वयं भोजन चखकर परीक्षण किया।

बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं जैसे सरकारी वकील, अपील, मुलाकात व्यवस्था आदि की समीक्षा करते हुए डीजी ने आवश्यक समस्याओं के समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कारागार में संचालित दरी एवं सिलाई उद्योग की भी जानकारी ली गई। अधीक्षक द्वारा अवगत कराया गया कि प्रतिमाह औसतन 150 दरी एवं 400 वस्त्रों का उत्पादन किया जाता है। डीजी ने निर्माण कार्यों हेतु प्रस्ताव मुख्यालय को भेजने के निर्देश भी दिए।

इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक द्वारा वृक्षारोपण भी किया गया। उन्होंने जेल परिसर की सफाई, सुरक्षा, भोजन व चिकित्सीय व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया।

निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक पंकज कुमार सिंह, जेलर राजेश कुमार व कृष्ण मोहन, डॉ. आनंद सोनकर, डॉ. यू.सी. सचान सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

रिपोर्ट: राजेश मिश्रा प्रयागराज

Show More

Related Articles

Back to top button