
वाराणसी। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास, वाराणसी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्री विश्व भूषण मिश्रा के संयोजन में एक विशेष धार्मिक परंपरा का आज विधिवत निर्वहन किया गया। पौराणिक तीर्थ त्रिवेणी संगम (गंगा-यमुना-सरस्वती) के निर्मल अमृत जल से श्री काशी विश्वनाथ महादेव का पावन अभिषेक संपन्न हुआ।
इस अवसर पर बाबा विश्वनाथ धाम से विशेष वाहन के माध्यम से संगम जल को पवित्र जल-घड़ों में भरकर रुद्रावतार महाबली हनुमान मंदिर भेजा गया। वहाँ मंदिर के पुजारियों द्वारा विधिवत मंत्रोच्चार के साथ भोग-प्रसाद अर्पित किया गया, जिसके पश्चात इस पावन जल को श्री काशी विश्वनाथ महादेव को समर्पित किए जाने की परंपरा पूरी की गई।
वरिष्ठ अधिकारी एवं संत-महंत रहे उपस्थित
इस धार्मिक अनुष्ठान में नायब तहसीलदार/मजिस्ट्रेट श्री मिनी एल. शेखर, बड़े हनुमान मंदिर के वरिष्ठ पुजारी महंत पुनीत पुरी महाराज, पुजारी श्री सूरज पांडे, मेला प्राधिकरण से श्री ऋषि राज मिश्रा (मेला प्रबंधक) सहित श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास, वाराणसी शिविर के पदाधिकारी एवं प्रबंधन से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे।
आदि शंकराचार्य द्वारा स्थापित परंपरा
उल्लेखनीय है कि यह प्राचीन धार्मिक परंपरा आदि शंकराचार्य द्वारा स्थापित की गई थी, जिसे वर्तमान में श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास द्वारा सनातन सांस्कृतिक समन्वय और नवाचार के माध्यम से पुनः जीवंत किया जा रहा है। इस क्रम में श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास द्वारा श्री बड़े हनुमान मंदिर एवं श्री कुंभेश्वर महादेव को भोग-प्रसाद एवं उपहार भी प्रेषित किए जाएंगे।



