Sonbhadra News: मिट्टी का टीला दरकने से तीन महिलाओ की मौत, दो घायल

घर की पुताई करने के लिए पांच महिलाएं गयी थी छुई मिट्टी लेने

Sonbhadra News: जनपद में म्योरपुर थाना क्षेत्र के किरवानी जंगल में छुही मिट्टी लेने गई पांच महिलाओं के साथ बड़ा हादसा हो गया। जंगल में सुरंगनुमा बने मिट्टी का टीला अचानक धंस गया और उसके नीचे सभी महिलाएं दब गयी। इसकी सूचना तत्काल 112 को दी गयी जिस पर पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और युद्धस्तर पर राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया। इस दौरान दो महिलाओ को सुरक्षित बाहर निकाल अस्पताल भेजा गया जबकि तीन की मौत हो गयी। वही इस घटना की सूचना पर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंच रेस्क्यू की जानकारी लिया।
इस सम्बंध अभिषेक वर्मा के मुताबिक इस हादसे में तीन महिलाओं की मौत हुई है जबकि दो महिलाएं घायल अवस्था में सुरक्षित निकाली गई हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा कर लिया गया है और अब किसी के दबे होने की संभावना नहीं है।

मामला म्योरपुर थाना क्षेत्र के किरवानी गांव का है जहां 112 के माध्यम से सूचना मिली कि कुछ महिलाएं मिट्टी के टीले के नीचे दब गई हैं। सूचना के तुरंत बाद पुलिस, फायर ब्रिगेड, जिला प्रशासन, एसडीएम दुद्धी निखिल यादव व सीओ दुद्धी राजेश राय मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया गया। जेसीबी मशीन से लगातार मिट्टी हटाई गई।

घटना स्थल पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बताया कि तीन महिलाओं को मृत अवस्था में बाहर निकाला गया जिनकी पहचान शदीकुन निशा, अलीशा खातून और सीता के रूप में हुई है। तीनों मृतक महिलाएं म्योरपुर थाना क्षेत्र की निवासी थी। हादसे में दो महिलाएं फूल कुमार और नज़ीमुल निशा घायल हुईं जिन्हें सुरक्षित निकालकर तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया जहां उनका इलाज जारी है। मृतक महिलाओं के परिजनों को सूचना दे दी गई है।पुलिस के मुताबिक पूरे क्षेत्र को सर्च कर लिया गया है और अब किसी अन्य के दबे होने की कोई आशंका नहीं है।

इसके साथ ही पुलिस अधीक्षक ने बताया कि त्योहारों के दौरान घरों की पुताई के लिए नई मिट्टी लाने की परंपरा के चलते महिलाएं वहां मिट्टी निकालने पहुंची थीं। इस घटना के बाद ऐसे स्थानों को चिन्हित कर फॉरेस्ट विभाग के साथ समन्वय बनाते हुए आगे कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों।

रिपोर्ट : रवि पाण्डेय
सोनभद्र

Show More

Related Articles

Back to top button