
Sonbhadra News: जनपद में दुद्धी से एक दिल दहला देने वाली और संदिग्ध मौत की खबर सामने आयी है जहां 29 वर्षीय युवक का शव रेलवे ट्रैक पर दो हिस्सों में बटा हुआ मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी। बताया गया कि मृतक युवक की शादी तय थी, जिसकी कुछ ही दिनों बाद घर में शहनाई बजने वाली थी, लेकिन उससे पहले ही घर मे मातम पसर गया। युवक फोन पर बातचीत करते हुए घर से निकला था, इसके बाद उसकी लाश रेलवे लाइन के बीचो-बीच मिली। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि युवक आखिर रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंचा। पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के झारो कला गांव निवासी सवि कुमार पुत्र स्वर्गीय सुखन राम 29 वर्ष का शव झारो–महुअरिया रेलवे लाइन पर पोल संख्या 87/20 के पास दो भागों बटा हुआ मिला। इस घटना की सूचना मिलते ही रेलवे व सिविल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया गया।
वही परिजनों के मुताबिक सवि कुमार कंप्यूटर दुकान पर ऑनलाइन काम करता था और उसकी शादी 25 अप्रैल को तय थी। घटना से पहले वह फोन पर बात करते हुए घर से निकला था, इसके बाद उसकी इस तरह दर्दनाक मौत हो गई।
सबसे बड़ा सवाल यही है कि युवक रेलवे लाइन के किनारे क्यों गया और हादसा कैसे हुआ। परिजन खुद कारण नहीं बता पा रहे हैं। फिलहाल मौत को संदिग्ध मानते हुए पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है, परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
रिपोर्ट : रवि पाण्डेय



