
UP Deputy CM: उत्तर प्रदेश विधानसभा में सोमवार को सत्ता पक्ष और समाजवादी पार्टी (सपा) के सदस्यों के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। सदन की कार्यवाही के दौरान माहौल इतना गरमा गया कि उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक को कड़ा रुख अपनाना पड़ा।
डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने विपक्षी सदस्यों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सवाल से हटकर बयानबाजी की गई तो वह भी “रायता फैला देंगे।” उनके इस बयान के बाद सदन में शोर-शराबा और बढ़ गया।
पहले भी हो चुका है हंगामा
गौरतलब है कि इससे पहले शुक्रवार को भी सदन में जोरदार हंगामा हुआ था। उस दौरान विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना नाराज होकर कार्यवाही बीच में छोड़कर बाहर चले गए थे।
लगातार हो रहे विरोध और आरोप-प्रत्यारोप के चलते सदन की कार्यवाही कई बार बाधित हो चुकी है।
विपक्ष का पलटवार
सपा सदस्यों ने सरकार पर मुद्दों से ध्यान भटकाने का आरोप लगाया, जबकि सत्ता पक्ष ने विपक्ष पर अनावश्यक व्यवधान पैदा करने का आरोप लगाया। फिलहाल, सदन की कार्यवाही लगातार गरमाई हुई है और आने वाले दिनों में राजनीतिक तनातनी और बढ़ने के आसार हैं।



