
New Delhi: विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा ने 8 फरवरी को एक खास कार्यक्रम ‘थैंक यू भारत’ में शिरकत की। यह कार्यक्रम श्रीलंका को भारत के समर्थन और मदद, खासकर चक्रवात दितवाह के बाद राहत एवं पुनर्वास प्रयासों के लिए आभार व्यक्त करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था।

भारत की महाबोधि सोसाइटी ने श्रीलंकाई उच्चायोग के सहयोग से मंदिर मार्ग स्थित ऐतिहासिक बुद्ध विहार में ‘थैंक यू भारत’ कार्यक्रम आयोजित किया। सभा को संबोधित करते हुए भारत में श्रीलंका की उच्चायुक्त महिषिनी कोलोन ने कहा कि पवित्र बुद्ध विहार में मौजूद होना सम्मान की बात है। यह एक ऐसी जगह है, जो श्री अनागरिका धर्मपाल और महात्मा गांधी के आदर्शों से गहराई से जुड़ी हुई है।
उच्चायुक्त ने कहा कि हम भारत के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए एकत्र हुए हैं। उन्होंने साझा इतिहास, संस्कृति और बौद्ध विरासत में निहित दोनों देशों के बीच स्थायी संबंधों पर भी जोर दिया।
राज्य मंत्री मार्गेरिटा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कार्यक्रम की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि चक्रवात दितवाह के बाद श्रीलंका में भारत के राहत और पुनर्वास प्रयासों की सराहना में महाबोधि सोसाइटी के ‘थैंक यू भारत’ कार्यक्रम का हिस्सा बनकर खुशी हुई। जरूरत के समय श्रीलंका के साथ खड़े रहने की भारत की प्रतिबद्धता हमारे मजबूत सभ्यतागत और लोगों के बीच संबंधों से प्रेरित है।
Also Read: नेपीडॉ: म्यांमार को भारत से मिलेंगे लैब उपकरण, रिसर्च और टीचिंग क्षमता में होगा इजाफा
गौरतलब है कि हाल ही में श्रीलंका में भीषण चक्रवात दितवाह ने काफी तबाही मचाई थी, जिसमें जान-माल का भारी नुकसान हुआ था। इस आपदा के बाद भारत ने सबसे पहले मदद का हाथ आगे बढ़ाया। भारतीय सेना और एनडीआरएफ के जवानों ने कई दिनों तक मोर्चा संभालते हुए लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया। इसके अलावा भारत ने श्रीलंका के लिए 450 मिलियन डॉलर के सहायता पैकेज की भी घोषणा की, जिसका कार्यान्वयन शुरू हो चुका है। भारत अपनी ‘पड़ोसी प्रथम’ नीति के तहत भी विभिन्न क्षेत्रों में श्रीलंका की मदद करता रहता है।
(रिपोर्ट: शाश्वत तिवारी)



