Surajkund Mela Accident : सूरजकुंड मेले में झूला गिरने से पुलिस इंस्पेक्टर की मौत, 12 लोग घायल

Surajkund Mela Accident : सूरजकुंड इंटरनेशनल क्राफ्ट मेले में झूला गिरने से बड़ा हादसा, पुलिस इंस्पेक्टर की मौत और 12 लोग घायल। लापरवाही को लेकर जांच के आदेश।

Surajkund Mela Accident : हरियाणा के फरीदाबाद में चल रहे 39वें सूरजकुंड इंटरनेशनल क्राफ्ट फेस्टिवल में शनिवार शाम बड़ा हादसा हो गया। मेले में लगे एक झूले के अचानक गिरने से पुलिस इंस्पेक्टर की मौत हो गई, जबकि कम से कम 12 लोग घायल हो गए। घटना के बाद मेले में अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद के रूप में हुई है, जो मूल रूप से पलवल में तैनात थे और फिलहाल सूरजकुंड मेले की सुरक्षा व्यवस्था में ड्यूटी पर थे। हादसा शाम करीब 6 से 6:30 बजे के बीच हुआ। झूला गिरने का एक वीडियो भी मौके पर मौजूद दर्शकों द्वारा रिकॉर्ड किया गया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

फरीदाबाद के पुलिस कमिश्नर सतेंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि हादसे के बाद इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद बचाव कार्य में जुटे हुए थे, तभी झूले का मलबा उनके ऊपर गिर गया। इससे उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

मौके पर पहुंचे कई अधिकारी

घटना की सूचना मिलते ही फरीदाबाद के डिप्टी कमिश्नर आयुष सिन्हा समेत कई वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। घायलों को नजदीकी दो अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। अधिकारियों के मुताबिक, सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

पर्यटन मंत्री ने दुख जताया

इस हादसे को लेकर हरियाणा के पर्यटन मंत्री अरविंद शर्मा ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि यह एक बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना है और लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पर्यटन मंत्री ने यह भी आश्वासन दिया कि सभी घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

फिलहाल पुलिस और प्रशासन ने झूले की तकनीकी स्थिति, सुरक्षा मानकों और अनुमति से जुड़े पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है।

Show More

Related Articles

Back to top button