
सोनभद्र। जनपद की एसओजी और सदर कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने हत्या के मामले में वांछित चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 22 ग्राम हेरोइन भी बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब दो लाख बीस हजार रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रतीक कुमार उर्फ बंटी पुत्र अवधेश कुमार, निवासी जैत, थाना रॉबर्ट्सगंज के रूप में हुई है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बताया कि आरोपी बीते 2 जनवरी को रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के रेलवे फाटक के पास हुई एक युवक की हत्या के मामले में वांछित चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए एसओजी और रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम को लगाया गया था।
जानकारी के अनुसार आरोपी काफी शातिर किस्म का है और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था। वह अलग-अलग स्थानों पर रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं में भी शामिल हो रहा था।
पुलिस टीम ने 14 मार्च की देर रात मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए ग्राम गोरारी के पास से आरोपी को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से करीब 22 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
Also Read: Eid 2026: रमजान खत्म होने का इंतजार, जानें भारत में कब मनाई जाएगी ईद 2026
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ मादक पदार्थ तस्करी समेत कई गंभीर धाराओं में पहले से मुकदमे दर्ज हैं और वह पूर्व में जेल भी जा चुका है। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर उसके नेटवर्क और अन्य आपराधिक गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
रिपोर्ट: रवि पाण्डेय, सोनभद्र



