
Sonbhadra News-Hindalco Industries Limited रेनुसागर के सुरक्षा विभाग के तत्वावधान में सेंट्रल लाइब्रेरी प्रांगण में 55वें राष्ट्रीय सुरक्षा माह अभियान का भव्य शुभारंभ किया गया। इस वर्ष अभियान की थीम रही – “सुरक्षा बढ़ाने के लिए लोगों को शामिल करना, शिक्षित करना और सशक्त बनाना।”
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि यूनिट हेड आर.पी. सिंह, विशिष्ट अतिथि संचालन हेड मनीष जैन, अनुरक्षण हेड जगदीश पात्रा, एचआर हेड आशीष पांडेय एवं सेफ्टी हेड अरविंद सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। तत्पश्चात भगवान विश्वकर्मा की विधि-विधान पूर्वक पूजा-अर्चना कर सुरक्षा ध्वज फहराया गया।
इस अवसर पर यूनिट प्रमुख, विभागाध्यक्षों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं संविदाकर्मियों ने सामूहिक रूप से सुरक्षा शपथ ली और शून्य दुर्घटना लक्ष्य को साकार करने का संकल्प दोहराया। सभी ने यह प्रतिज्ञा की कि प्रत्येक कार्य निर्धारित मानकों एवं प्रक्रियाओं के अनुरूप सुरक्षित ढंग से किया जाएगा।
मुख्य अतिथि आर.पी. सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि “सुरक्षा केवल नियमों का पालन भर नहीं, बल्कि कार्य संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है।” उन्होंने सभी कर्मचारियों से ‘सेफ्टी फर्स्ट’ के सिद्धांत को आत्मसात करने और किसी भी असुरक्षित गतिविधि की तत्काल सूचना देने की अपील की।
इसी क्रम में एचआर हेड आशीष पांडेय, संचालन हेड मनीष जैन एवं अनुरक्षण हेड जगदीश पात्रा ने भी सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा करते हुए कर्मचारियों को जागरूक किया।
कार्यक्रम की भूमिका रखते हुए सेफ्टी हेड अरविंद सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय सुरक्षा माह के अंतर्गत पूरे माह सुरक्षा संगोष्ठी, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, मॉक ड्रिल, पोस्टर एवं स्लोगन प्रतियोगिता तथा जागरूकता रैली जैसे विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों के माध्यम से कर्मचारियों के साथ-साथ उनके परिवारों को भी सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
कार्यक्रम का संचालन अभिनीत सिंह ने किया। समापन अवसर पर सुरक्षा रथ को मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस मौके पर विभु पात्रा, ललित खुराना, संजय श्रीमाली, मनु अरोरा, संदीप यावले, मृदुल भारद्वाज, ब्रजेश कुमार बर्मा, लेफ्टिनेंट कर्नल सुरेश नारायनन, सौम्य मिश्रा, मनीष सिंह, निखिल जैन, सुधाकर अन्नामलाई सहित मान्यता प्राप्त श्रम संगठनों के पदाधिकारी, विभागाध्यक्ष, इंजीनियर, कर्मचारी एवं संविदाकर्मी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में शैलेश श्रीवास्तव, विजय वाजपेयी एवं ऋषभ तिवारी का विशेष सहयोग रहा।
संजय द्विवेदी की रिपोर्ट



