
Sonbhadra News-जनपद की एकमात्र नगर पालिका परिषद सोनभद्र के नई बस्ती में वर्षों से जलभराव की समस्या को लेकर सदर विधायक भूपेश चौबे और नगर पालिका अध्यक्ष ने सोमवार को संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंच कर निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने नई बस्ती वार्ड के जल निकासी व्यवस्था की खराब स्थिति पर नाराजगी जताई और अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से ठोस एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विधायक भूपेश चौबे ने कहा कि नई बस्ती में बरसात के समय जलभराव की समस्या गंभीर रूप ले लेती है, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन के साथ-साथ स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि इस समस्या को अब किसी भी सूरत में समाप्त किया जाए और इसके लिए प्रभावी कार्य योजना बनाकर जल्द काम शुरू किया जाए।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने नालियों की सफाई, जल निकासी मार्गों को दुरुस्त करने तथा आवश्यक स्थानों पर निर्माण कार्य कराने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जनता की समस्याओं को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कार्यों में ढिलाई सामने आई तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी।
इस दौरान नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष रूबी प्रसाद ने कहा कि नगर पालिका द्वारा शहर की जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और नई बस्ती में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं, जिससे जल्द ही लोगों को राहत मिल सके।
इस निरीक्षण के दौरान सीएनडीएस के अधिशासी अभियंता अरुण कुमार सिंह, जेई भास्कर मौर्य, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी मुकेश कुमार, लघु सिंचाई विभाग के अवर अभियंता महेश सिंह, सीएनडीएस के सहायक अभियंता अनिल मौर्य, जेई नगरीय आशीष यादव, सभासद अनवर अली, जिला मीडिया प्रभारी अनूप तिवारी, अनुपम तिवारी, विकास मिश्रा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
Read Also-UP News-उत्तर प्रदेश में युवाओं को मिल रहे रोजगार के अवसर : अनिल राजभर
रिपोर्ट : रवि पाण्डेय सोनभद्र



