
Sonbhadra News-राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा अभियान के अंतर्गत परिवहन विभाग, सोनभद्र द्वारा डायट परिसर में आयोजित सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम में हिंडालको रेनुसागर के विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने सराहनीय सहभागिता दर्ज कराई। सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने में उल्लेखनीय योगदान देने पर विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
“सड़क सुरक्षा–जीवन रक्षा” विषय पर जागरूकता अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने वाले आदित्य बिड़ला पब्लिक स्कूल रेनुसागर, आदित्य बिड़ला इंटरमीडिएट कॉलेज रेनुसागर तथा रेनुपावर प्राथमिक पाठशाला के विद्यार्थियों को सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) राजेश्वर यादव ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर राजेश्वर यादव ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों का पालन भर नहीं, बल्कि जीवन की रक्षा का संकल्प है। उन्होंने बताया कि आज के विद्यार्थी ही कल के जिम्मेदार नागरिक हैं और यदि सड़क सुरक्षा की समझ बचपन से विकसित हो जाए, तो दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है।
उन्होंने हिंडालको रेनुसागर के विद्यालय प्रबंधन और विद्यार्थियों द्वारा चलाए जा रहे सड़क सुरक्षा जागरूकता प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि छात्र समाज में सकारात्मक परिवर्तन के प्रभावी माध्यम हैं। साथ ही हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग, गति सीमा के पालन तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने जैसे नियमों का कड़ाई से पालन करने की अपील की।
सम्मान से विद्यार्थियों में उत्साह का वातावरण रहा और सड़क सुरक्षा के प्रति उनके संकल्प को नई ऊर्जा मिली। इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए हिंडालको रेनुसागर के यूनिट हेड आर. पी. सिंह ने विद्यार्थियों, शिक्षकों तथा सड़क सुरक्षा अभियान में सक्रिय भूमिका निभा रहे रोड एवं ड्राइविंग सेफ्टी टास्क फोर्स के अध्यक्ष ललित खुराना, सेफ्टी हेड अरविंद सिंह और कन्वेनर मुकेश श्रीवास्तव को बधाई दी तथा उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
Sonbhadra News-Read Also-MM Naravane : कौन हैं पूर्व सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे और अप्रकाशित किताब में क्या है विवादास्पद?



