
Sonbhadra News-हिंडालको रेणुसागर पावर डिवीजन, रेणुसागर स्थित आदित्य बिरला इंटरमीडिएट कॉलेज परिसर में 77वें गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि रेणुसागर पावर डिवीजन के प्रमुख आर.पी. सिंह ने भारत माता के वीर अमर शहीदों को नमन करते हुए ध्वजारोहण किया। इसके पश्चात सामूहिक राष्ट्रगान हुआ तथा सुरक्षा कर्मियों एवं विद्यालयों के छात्रों ने आकर्षक मार्चपास्ट प्रस्तुत कर मुख्य अतिथि को सलामी दी।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि आर.पी. सिंह ने उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सक्रिय भागीदारी, उत्साह, कड़ी मेहनत और लगन के बल पर संस्थान विश्वस्तरीय उत्पादकता एवं गुणवत्ता के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहा है, जो अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने भारत को आत्मनिर्भर, सशक्त एवं समृद्ध राष्ट्र बनाने में संस्थान की प्रतिबद्धता दोहराई।
उन्होंने कहा कि एक उद्योग एवं संगठन के रूप में अनुशासन, सुरक्षा, विश्वसनीयता और नैतिकता वे मूल्य हैं, जो हमारे संविधान और कार्यस्थल—दोनों को मजबूत बनाते हैं। यूनिट हेड ने जोर देते हुए कहा कि प्लांट की विश्वसनीयता और प्रदर्शन केवल लक्ष्य नहीं, बल्कि हमारी पहचान होनी चाहिए। सुरक्षा प्रथम केवल एक नारा नहीं, बल्कि हमारा संस्कार होना चाहिए। ईमानदारी और पारदर्शिता हमारे हर निर्णय की नींव होनी चाहिए।
आर.पी. सिंह ने बताया कि मानक अनुरक्षण के क्षेत्र में एफआईसीसीआई द्वारा संस्थान को गोल्ड अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। साथ ही राख के कुशल प्रबंधन हेतु फ्लाई ऐश के उपयोग में संस्थान विजेता रहा है। बदलते परिवेश में तकनीकी बदलाव को स्वाभाविक बताते हुए उन्होंने कहा कि नवीन तकनीकों के प्रयोग से प्लांट का निरंतर उन्नयन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि संस्थान पर्यावरण के प्रति पूर्णतः सजग है और जीरो हार्म के लक्ष्य को प्राप्त करने हेतु सभी सतत प्रयासरत हैं। सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए श्रम, मशीन एवं संस्थान की संरक्षा हम सभी का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि एनसीक्यूसी नोएडा में संस्थान की क्वालिटी सर्किल की तीनों टीमों—प्रगति, नवोदया और चिंतन—ने केस प्रेजेंटेशन स्किट में प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया।
मुख्य अतिथि ने संस्थान की सामाजिक उत्तरदायित्व की भूमिका की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास विभाग द्वारा आसपास एवं दूर-दराज के अभावग्रस्त गांवों के उत्थान हेतु निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में दिशिता महिला मंडल द्वारा समय-समय पर किए जा रहे उल्लेखनीय कार्य भी प्रशंसनीय हैं।
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को पुरस्कृत किया गया। समापन से पूर्व विद्यालय के बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा निकाली गई मनमोहक झांकियों को भी पुरस्कृत किया गया।
इस अवसर पर दिशिता महिला मंडल की वरिष्ठ सदस्याएं इंदू सिंह, रीना जैन, निशा पांडेय सहित वरिष्ठ अधिकारी हेड संचालन मनीष जैन,हेड एचआर आशीष कुमार पांडेय, विभु पात्रा, संजय श्रीमाली, नविंद्र पाठक, मनु अरोड़ा, ललित खुराना, मनीष सिंह, समीर आनंद, संदीप यावले, मृदुल भारद्वाज, लेफ्टिनेंट कर्नल सुरेश नारायणन, ब्रजेश कुमार वर्मा, सभी विभागाध्यक्ष, मान्यता प्राप्त श्रम संगठनों के पदाधिकारी, विद्यालयों के प्राचार्य एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन जितेंद्र गुप्ता एवं अनुपम पांडेय ने संयुक्त रूप से किया, जबकि समापन हेड एचआर आशीष कुमार पांडेय द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया। आयोजन को सफल बनाने में रोहित सक्सेना, सदानंद पांडेय, आर.के. वर्मा, देवेश त्रिपाठी एवं संजीव श्रीवास्तव का सराहनीय सहयोग रहा।



